भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। वह इन दिनों इंग्लैंड के वनडे डोमेस्टिक टूर्नामेंट वनडे कप 2023 में हिस्सा ले रहे थे। जिसके जरिए वे आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए अपनी दावेदारी पेश करने वाले थे। नार्थम्पटनशायर की तरफ से खेलते हुए 23 वर्षीय पृथ्वी शॉ ने कमाल का प्रदर्शन भी किया था। परंतु अब एक बुरी खबर सामने आई है। वह चोटिल होकर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। लंबे समय के बाद पृथ्वी शॉ ने अपने फार्म में वापसी की थी। परंतु वह अपना घुटना चोटिल कर बैठे। पृथ्वी शॉ का इस समय चोटिल होना उनके लिए काफी कष्टदायक है। क्योंकि उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक दोहरा शतक लगाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया था। ऐसे में उनके लिए भी वर्ल्ड कप खेलने का एक मौका बन सकता था। परंतु अब सभी किए धरे पर पानी फिरता हुआ नजर आ रहा है।
फील्डिंग के दौरान लगी चोट
विजडन इंडिया की एक खबर के मुताबिक, पृथ्वी शॉ के घुटने में चोट लगी है। जिसके चलते वनडे कप 2023 में वह अब आगे के मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। पृथ्वी डरहम के खिलाफ मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोटिल हुए, इसके बाद उनका स्कैन कराया गया तब चोट की गंभीरता का पता चला। पृथ्वी शॉ के चोटिल होने पर उनकी टीम नार्थम्पटनशायर ने कोच जोन सैडलर ने कहा कि, पृथ्वी शॉ ने कम समय में ही क्लब पर अपना प्रभाव छोड़ा है, वह बहुत ही विनम्र इंसान है हम उनके अतिशीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
वनडे कप में पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन
वनडे कप 2023 में पृथ्वी शॉ रन बनाने के मामले में सबसे आगे चल रहे थे। उन्होंने चार मुकाबले में एक दोहरा शतक के साथ 429 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 49 चौके और 19 छक्के निकले हैं।इन रनों को बनाने में पृथ्वी शॉ का स्ट्राइक रेट 152.67 का रहा है। इस दौरान पृथ्वी शॉ ने 2 सेंचुरी भी लगाई है। जिसमें समरसेट के खिलाफ 153 गेंदों पर खेली गई 244 रनों की पारी ने सभी का ध्यान खींचा था। वहीं भारतीय क्रिकेट के परिपेक्ष्य में पृथ्वी शॉ की बात करें तो वह लंबे समय से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच जुलाई 2021 में खेला था।