इंडियन प्रीमियर लीग के 16 वें सीजन का आगाज शुक्रवार को होने जा रहा है। जिसका पहला मुकाबला गत चैंपियन गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है। क्रिकेट के इस बड़े त्यौहार के शुरू होने में भले ही 2 दिन बाकी हैं। परंतु इसका रोमांच अभी से प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। वहीं दूसरी तरफ IPL की सभी फ्रेंचाइजियां इस एडिशन में अपनी खिताबी दावेदारी पेश करने के लिए जमकर तैयारी कर रही हैं। इस बीच IPL की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स भी कोविड-19 महामारी का प्रभाव लगभग खत्म होने के बाद पुराने फॉर्मेट में लौट रहे IPL टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने के लिए उत्साहित है।
तीन साल बाद घरेलू मैदान पर खेलेंगी CSK
तीन साल के लंबे इंतजार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2023 में अपने घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में खेलते हुए नजर आएंगी। चेन्नई सुपर किंग्स 3 अप्रैल को इस स्टेडियम पर पहला घरेलू मुकाबला खेलेगी।सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का उनके प्रशंसक जितना ख्याल रखते हैं। एमएस धोनी भी अपने प्रशंसकों का उससे कम ध्यान नहीं रखते हैं। शायद इसीलिए महेंद्र सिंह धोनी अपने फैंस का खास तरीके से वेलकम करने की तैयारी करते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें कैप्टन कूल चेपॉक स्टेडियम से सीटों को पीले रंग से पेंट करते हुए नजर आ रहे हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के इस खास अंदाज को देखकर उनके प्रशंसक मंत्रमुग्ध हैं। और दिल जीत लेने वाले इस वीडियो पर जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
कैप्टन कूल का आखिरी IPL
इंडियन प्रीमियर लीग में 234 मुकाबले खेलने वाले 41 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी IPL हो सकता है। उन्होंने IPL के 206 पारियों में 39.2 की औसत से 4978 रन बनाए हैं। जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। पेशेवर क्रिकेट से एम एस धोनी के रिटायरमेंट के कयास इसलिए लगाए जा रहे हैं क्योंकि वह चेन्नई के दर्शकों के सामने अपना आखिरी IPL मैच खेलने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं।