साल 2008 में शुरू हुए पुरुषों के इंडियन प्रीमियर लीग की अपार सफलता के बाद उत्साहित BCCI ने 2023 में महिला IPL अर्थात वूमेन्स प्रीमीयर लीग को मंजूरी दे दी है। वूमेन्स प्रीमियर लीग के प्रथम संस्करण में कुल 5 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। जिसमें मुंबई इंडियंस, गुजरात जायंट्स, लखनऊ वारियर्स, रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें शामिल हैं। इस बीच महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई है। दरअसल ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के अनुसार, आगामी 13 फरवरी को वूमेन्स प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों का ऑक्शन कराया जाएगा। यानी 13 फरवरी को महिला खिलाड़ियों पर पैसों की बौछार होने वाली है।
12 करोड़ रुपए का होगा ऑक्शन पर्स
WPL के पहले सीजन के लिए BCCI ने 13 फरवरी को नीलामी का डेट निर्धारित किया है। यह नीलामी मुंबई में कराया जाएगा। जिसमें 5 टीमें कुल 90 महिला क्रिकेटरों पर बोली लगाएंगी। जिसके लिए प्रत्येक टीम के पास ऑक्शन पर्स में 12 करोड़ रुपए होंगे। ऑक्शन में प्रत्येक फ्रेंचाइजी अपनी टीम बनाने के लिए कम से कम 15 से 18 खिलाड़ी खरीद सकती है। जिसमें अधिकतम 7 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। जबकि प्लेइंग इलेवन में मात्र 5 विदेशी खिलाड़ी खेल सकेंगे जिसमें से एक एसोसिएट नेशन का होना जरूरी है।
BCCI पहले से ही मालामाल
WPL शुरू होने में भले ही अभी वक्त बचा है। परंतु WPL के नाम पर BCCI पहले ही मोटी रकम कमा चुका है। अभी हाल ही में हुए टीमों के नीलामी में अडानी स्पोर्टलाइन प्राइवेट के माध्यम से अडानी समूह ने 1289 करोड़ रुपए की उच्चतम बोली लगाकर गुजरात टाइटंस को अपने नाम किया था। इसके अलावा इंडियाविन स्पोर्ट्स प्रा. लिमिटेड ने 912.99 करोड रुपए में मुंबई की फ्रेंचाइजी को खरीदा था।शेष तीन टीमों, बैंगलोर, दिल्ली और लखनऊ की नीलामी में BCCI ने क्रमश: 901 करोड़ रुपए, 810 करोड़ रुपए और 757 करोड़ रुपए कमाए हैं। इसके अलावा वायकॉम18 ने 951 करोड़ रुपए की बोली के साथ 2023-2027 तक के लिए मीडिया अधिकार हासिल किए हैं। जो प्रति मैच के हिसाब से 7.09 करोड़ रुपए के बराबर है।