भारत की पहल पर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज दुनिया भर में मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर नेता-अभिनेता सहित आम लोग भी योग करते हुए अन्य लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कर रहे हैं। इन सबके बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और पूर्व गेंदबाज प्रज्ञान ओझा ने खास अंदाज में योगासन करते हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने शीर्षासन करते हुए लोगों को योग दिवस की बधाई दी है। तो वहीं प्रज्ञान ओझा ने वृक्षासन करते हुए योग दिवस को लेकर एक विस्तृत संदेश दिया है।
प्रज्ञान ओझा का संदेश
प्रज्ञान ओझा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि,”अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं! इस प्राचीन अभ्यास को अपनाने से शारीरिक और मानसिक कल्याण को बढ़ावा मिलता है, सद्भाव और आंतरिक शांति को बढ़ावा मिलता है। आइए योग की शक्ति का उपयोग करने के लिए एकजुटता पैदा करने, तनाव कम करने और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ाने के लिए एकजुट हों।”
बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और यह अब दुनिया भर में लोकप्रिय होता जा रहा है। 21 जून 2023 यानी आज के दिन मनाए जा रहे योग दिवस के इस वर्ष का थीम ‘वसुधैव कुटुंम्बकम के लिए योग’ है। जो पूरे विश्व को एक परिवार मानते हुए योग के भाव पर जोर दे रहा है।