क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर आज अपना 50 वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 24 अप्रैल 1973 को मुंबई में हुआ था। सचिन तेंदुलकर क्रिकेट जगत में किसी पहचान के मोहताज नहीं है। तेंदुलकर ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान कई बल्लेबाजों के साथ ओपनिंग की है। परंतु उसमें से सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की ओपनिंग जोड़ी सबसे चर्चित रही है।चर्चित रहने का कारण यह है कि तेंदुलकर के साथ ओपनिंग करने वाले अधिकतर बल्लेबाज उनके मुरीद हो जाया करते थे और ठीक उसी प्रकार से अपने खेल को आगे ले जाते थे जैसा सचिन तेंदुलकर निर्देशित करते थे।
परंतु वीरेंद्र सहवाग इनमें से सबसे अलग थे। वह मैदान पर तेंदुलकर को अपना क्रिकेट गुरु जरूर मानते थे। परंतु उनकी हर बात का अनुसरण नहीं करते थे। कई बार तो वह सचिन तेंदुलकर की कही गई बातों के बिल्कुल विपरीत हरकत कर दिया करते थे। जिसके बाद उन्हें डांट सुननी पड़ती थी। तेंदुलकर के 50वें जन्मदिन पर वीरेंद्र सहवाग ने ऐसे अंदाज में सचिन पाजी को बधाई दी है। जिसे देखकर हर कोई हैरान है।
सहवाग ने शीर्षासन कर दी बधाई
वीरेंद्र सहवाग ने सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की बधाई देते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह शीर्षासन की अवस्था में यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि,” मैदान पर आपने जो कुछ कहा है मैंने हमेशा उसका उल्टा ही किया है। इसलिए आपके 50वें जन्मदिन पर शीर्षासन करते हुए विश करना तो बनता ही है। प्रार्थना करता हूं कि आपका जीवन हमेशा सीधा चले। सचिन पाजी जन्मदिन मुबारक।”
वीरेंद्र सहवाग के अलावा ढेर सारे दिग्गज हस्तियों ने अपने-अपने अंदाज में सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की बधाई दी हैं। टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की बधाई देते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि,”जन्मदिन मुबारक हो, बिग बॉस!जीवन में अर्धशतक। उच्चतम स्तर पर अपने पेशे में 100 जोड़ें। 150 बल्लेबाजी और कैसे। बहुत बढ़िया। आपको एक अद्भुत उत्सव और एक अद्भुत वर्ष की शुभकामनाएं। भगवान आपका भला करे #सचिनतेंदुलकर 🇮🇳🙏”
एस बद्रीनाथ ने खास लम्हे को किया याद
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन विश करते हुए उस लम्हे को याद किया जब एक टेस्ट मैच के दौरान तेंदुलकर बल्लेबाजी कर रहे थे और उनकी दीवानगी में एक महिला बीच मैदान में दौड़ी चली आई थी। एस बद्रीनाथ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि,”यह छवि काफी हद तक समझाती है कि सचिन तेंदुलकर का 🇮🇳 जन्मदिन होने का क्या मतलब है। सचिन पाजी आपको आगे एक अद्भुत वर्ष की शुभकामनाएं! आपसे जल्द ही मुलाकात होगी #HappyBirthdaySachin”
इसके अलावा युवराज सिंह, दिनेश कार्तिक, हर्षा भोगले समेत लाखों लोगों ने अपने-अपने अंदाज में सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।