क्रिकेट के महाकुंभ का मंच सज चुका है। वर्ल्ड कप को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं।अब इस टूर्नामेंट को शुरू होने में महज 15 दिनों का वक्त बाकी है। उससे पहले BCCI के सामने एक खास डिमांड आई है। दरअसल पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जोड़ने की बात चल रही है। यह खास डिमांड ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने की है। उनका मानना है कि, सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी को वर्ल्डकप के दौरान भारतीय टीम के साथ जुड़कर कुछ वक्त देना चाहिए।
एडम गिलक्रिस्ट ने स्पोर्टस्टार से बातचीत करते हुए कहा कि,“मैं ये जानने का दावा नहीं कर सकता कि भारतीय खिलाड़ी होना, इंडिया में खेलना कैसा होता है। अगर मैं भारतीय क्रिकेट में होता, तो मैं सचिन और एमएस धोनी जैसे लोगों को टीम के साथ वक़्त बिताने के लिए कहता,अगर वो उपलब्ध होते हैं, और वे अपना सारा अनुभव साझा करते तो यह बेहतर होता।”
महेंद्र सिंह धोनी ने भारत की मेजबानी में साल 2011 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में अगुवाई करते हुए भारतीय टीम को ट्रॉफी दिलाई थी। उस दौरान सचिन तेंदुलकर टीम का हिस्सा थे। सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी वर्ल्ड कप के लिहाज से वर्ल्ड क्रिकेट में एक बड़ा नाम है। एमएस धोनी ने जहां अपने बेहतर कप्तानी कौशल के दम पर भारत के लिए ICC की तीन बड़ी ट्राफियां जीती हैं।वहीं सचिन तेंदुलकर के नाम वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है।
सचिन तेंदुलकर ने साल 1992 से 2011 के बीच कुल 6 बार वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान उन्होंने 45 वनडे मुकाबले की 44 पारियों में 2278 रन बनाए थे। वर्ल्ड कप में सचिन तेंदुलकर ने 6 शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं। सचिन तेंदुलकर के पास एक वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने साल 2003 के वर्ल्ड कप में 11 मुकाबले में 673 रन बनाए थे। इसलिए वर्ल्ड कप के दौरान इन खिलाड़ियों का अनुभव भारतीय टीम के काम आ सकता है।
बताते चलें कि, वनडे वर्ल्ड कप का आगाज आगामी 5 अक्टूबर से हो रहा है। जिसमें भारत अपने सफ़र की शुरुआत 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में करेगा। जबकि इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा। 46 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने वाली कुल 10 टीमों के बीच 48 मुकाबले खेले जाएंगे।



