भारतीय टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने रणजी मुकाबले में मुंबई की तरफ से ओपनिंग करते हुए असम के खिलाफ एक तेजतर्रार शतक जमाया है। उन्होंने 107 गेंदों पर सेंचुरी लगाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया। पृथ्वी शॉ का यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का 12वां शतक है। जिसके बदौलत उन्होंने लंच तक मुंबई को 171 रनों के स्कोर पर पहुंचा दिया है।
पृथ्वी शॉ ने अपनी इस पारी के दौरान 15 चौके और 1 छक्के लगाए और उन्होंने मुशीर खान के साथ 123 रनों की शतकीय साझेदारी कर मुंबई को एक शानदार शुरुआत दिलाई।आपको बता दें इस मैच में असम ने टास जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया था। जिसके बाद इस मौके को मुंबई के बल्लेबाजों ने हाथों-हाथ भुनाया है।
युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला जुलाई 2021 में खेला था। तब वह श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके अतिरिक्त पिछले वर्ष सितंबर में पृथ्वी शॉ ने भारत ए का हिस्सा रहते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम का प्रतिनिधित्व किया था। मौजूदा समय में वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। पृथ्वी शॉ ने कुछ समय पूर्व कहा था कि वह अपने अतीत को पीछे छोड़कर कड़ी मेहनत करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करने का प्रयास करेंगे।
पृथ्वी शॉ भारत के लिए अब तक पांच टेस्ट, 6 वनडे और एक टी-20 मुकाबला खेल चुके हैं। जिसमें उन्होंने क्रमशः 339, 189,0 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 42.38 का तथा एकदिवसीय मैचों में 31.5 का रहा है।