ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आयोजन आगामी 5 अक्टूबर से भारत की मेजबानी में होने जा रहा है। यह पहला मौका है जब भारत अकेले ही वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले साल 2011 में भारत को एक दिवसीय वर्ल्ड कप की मेजबानी करने का जिम्मा मिला था। परंतु उस दौरान कुछ मुकाबले श्रीलंका और बांग्लादेश में भी खेले गए थे। वर्ल्ड कप में पड़ोसी देश पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के भाग लेने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को वर्ल्ड कप में प्रतिभाग करने को लेकर अभी तक किसी प्रकार का आश्वासन नहीं दिया है।
एशिया कप की मेजबानी को लेकर मनमुटाव
वर्ल्ड कप से पहले होने जा रहे एशिया कप 2023 की मेजबानी को लेकर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। दरअसल एशिया कप 2023 की मेजबानी का जिम्मा पाकिस्तान को सौंपा गया है। परंतु सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत पाकिस्तान दौरे पर अपनी टीम को भेजने से इंकार कर रहा है। जिस वजह से BCCI और PCB के बीच मनमुटाव चल रहा है। भारत के पाकिस्तान न जाने की स्थिति में एशिया कप को किसी न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट किया जा सकता है। एशिया कप के आयोजन को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख नजम सेठी ने हाइब्रिड मॉडल का विकल्प दिया था। परंतु उसे बांग्लादेश और श्रीलंका के बोर्डों ने इनकार कर दिया।
ICC के अधिकारी का बयान
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक ICC के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि, “भारत का पाकिस्तान जाना और पाकिस्तान का भारत आना BCCI या PCB पर निर्भर नहीं है। इसलिए पीसीबी वर्ल्ड कप में भाग लेने के बारे में ICC को अभी तक कोई आश्वासन नहीं दे सका है। ऐसा BCCI के साथ भी है। वे केवल सरकार के मंजूरी के अधीन हैं।”
बताते चलें कि भारत और पाकिस्तान एक दूसरे से कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलते हैं। परंतु ICC के इवेंट में जरूर एक दूसरे के आमने-सामने होते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में इस वर्ल्ड कप के दौरान आगामी 15 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ में मुकाबला संपन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है।



