IPL 2023 के तारीखों का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है। परंतु इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नेट्स पर पसीना बहाना शुरू कर दिया है। कैप्टन कूल IPL के 16वें सीजन की शुरुआत से पहले ट्रेनिंग सेशन में जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। इसी बीच महेंद्र सिंह धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह पावर हिटिंग करते नजर आ रहे हैं। IPL के पिछले दो सीजन में महेंद्र सिंह धोनी भले ही बतौर कप्तान कामयाब रहे हैं। परंतु एक बल्लेबाज के तौर पर उनका बल्ला खामोश रहा है। शायद यही वजह है कि 41 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज अपने बल्ले की धार चमकाने में लगे हैं।
घरेलू क्रिकेट नहीं खेलते धोनी
भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भारत के अन्य क्रिकेटरों की तरह घरेलू क्रिकेट में हिस्सा नहीं लेते हैं। पिछले कुछ समय से वह साल भर क्रिकेट से दूर रहते हैं और IPL की शुरुआत होने से कुछ महीने पूर्व प्रैक्टिस कर अपनी फिटनेस हासिल करते हैं। महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपने शॉट सिलेक्शन पर काम कर रहे हैं। इस प्रैक्टिस सेशन के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के प्रबंधन कोच स्टीफन फ्लेमिंग और धोनी के नेतृत्व में फरवरी या मार्च में चेन्नई सुपर किंग्स विशेष शिविर का आयोजन करता है। जिसमें खिलाड़ी ट्रेनिंग ले सकते हैं।
MSD का आखिरी IPL
IPL का 16वां सीजन दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी IPL हो सकता है। क्योंकि महेंद्र सिंह धोनी चेपाक में अपना आखिरी IPL मैच खेलने की बात कह चुके हैं। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स को एक नए कप्तान की तलाश रहेगी। मौजूदा स्थिति के अनुसार धोनी के जाने के बाद पिछले वर्ष 23 दिसंबर को हुए मिनी ऑक्शन में मोटी रकम लेकर शामिल हुए बेन स्टोक्स कप्तान बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा ऋतुराज गायकवाड का नाम भी चर्चा में है।