बुधवार शाम भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने एक बड़ा कारनामा करते हुए चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई। ऐसा करते ही भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बना जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने का कारनामा किया है। इसके अलावा भारत, अमेरिका, रूस और चीन के बाद चांद पर पहुंचने वाला चौथा देश बन गया है। चंद्रयान-3 के सफलता के ऐतिहासिक पल को पूरे देशवासियों ने जिया है। ऐसे में भारत के क्रिकेटर कैसे इससे दूर रह सकते थे। टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी भी चंद्रयान-3 के लैंडिंग के वक्त टेलीविजन पर इसरो के इस कारनामे को देख रहे थे। वैज्ञानिकों की इस सफलता को उन्होंने अपने ही अंदाज में सराहा है। जिसका वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
चंद्रयान-3 के लैंडिंग के वक्त ऐसा प्रतीत हो रहा है कि, महेंद्र सिंह धोनी जिम के अंदर थे। चंद्रयान-3 की सफलता के वक्त वहां मौजूद अन्य सदस्य जोर-जोर से तालियां बजा रहे थे, परंतु कैप्टन कूल ने अपने चिर परिचित अंदाज में अपनी जांघ पर थपथपाते हुए वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया।
वहीं दूसरी तरफ IPL की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने चंद्रयान-3 की सफलता के बाद वर्ल्ड कप 2023 में भारत के परचम लहराने की उम्मीद जताई है। उन्होंने चंद्रयान-2 की असफलता और 2019 वर्ल्ड कप में मिली हार की तस्वीर शेयर करते हुए इन संभावनाओं को प्रबल किया है। और बन रहे संयोग को दर्शाया है।
वहीं वसीम जाफर ने चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर लिखा कि,”जो लोग हमें चंद्रमा पर ले गए, वे पृथ्वी से जुड़े सबसे व्यावहारिक लोग भी हो सकते हैं जिन्हें आप देखेंगे।और यही भारतीय संस्कृति की खूबसूरती है।”
इसके अलावा विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी वैज्ञानिकों की मेहनत की सराहना की है।
फिलहाल, वर्ल्ड कप 2023 का शुभारंभ आगामी 5 अक्टूबर से हो रहा है। जिसका पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि फाइनल मैच भी 19 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि, टीम इंडिया के लिए साल 2023 कितना लकी रहने वाला है।