टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान और IPL फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स को चार बार खिताब दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी का प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से रिटायरमेंट का निर्णय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच एक बड़ा मुद्दा बन गया है। महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग के प्रत्येक सीजन में उनके रिटायरमेंट को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहता है। क्रिकेट के पंडित अलग दावे करते हैं। साथी खिलाड़ी भी महेंद्र सिंह धोनी पर बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरते रहते हैं। वहीं प्रशंसक और मीडिया भी इसमें पीछे नहीं रहती है। परंतु बड़ी बात यह है कि यह गुत्थी कभी सुलझती हुई नजर नहीं आती है।
महेंद्र सिंह धोनी करीब 42 वर्ष के हो गए हैं। जिस वजह से इस बार संन्यास की अटकलें सबसे तेज है। क्रिकेट जगत में महेंद्र सिंह धोनी को लेकर यह कहा जाता है कि माही कब क्या करते हैं? यह किसी को नहीं पता होता है। सभी क्रिकेट विश्लेषकों की कवायदों को दरकिनार करते हुए एम एस धोनी ने बुधवार को एक बड़ा बयान दे दिया है। जिसके बाद उनके रिटायरमेंट की खबरों पर विराम लगता हुआ प्रतीत हो रहा है।
महेंद्र सिंह धोनी का बयान
बुधवार दोपहर लखनऊ सुपरजाइंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच IPL 2023 के 45वें मुकाबले में टॉस के दौरान महेंद्र सिंह धोनी से जब सवाल किया गया कि, आप अपने फेयरवेल का आनंद ले रहे हैं? इस पर MSD ने सभी को एक बार फिर चौंका दिया। उन्होंने कहा कि, “आपने फैसला किया है कि यह मेरा आखिरी IPL है, मैंने नहीं..” जिसके बाद माही हंसने लगे।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इस बयान से एक बार फिर से रिटायरमेंट की अटकलें लगभग समाप्त कर दी हैं। क्योंकि एम एस धोनी इस सीजन जिस प्रकार से खेलते हुए नजर आ रहे हैं। उसे देखकर ऐसा लगता है कि, वह शायद अगले सत्र में भी CSK को लीड करते हुए नजर आएं।
IPL में एमएस धोनी
इंडियन प्रीमियर लीग में महेंद्र सिंह धोनी ने कुल 220 मैचों में अपनी टीम की कमान संभाली है। इस दौरान उनकी अगुवाई में खेलते हुए 120 मर्तबा टीम को जीत मिली है। जबकि 90 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को साल 2010,2011,2018 और 2021 में ट्राफी दिलाई है।MSD ने कुल 244, IPL मैचों में 39.47 की औसत से 5052 रन बनाए हैं। जिसमें 24 अर्धशतक शामिल है। इस समय का वह अंत के ओवरों में अपनी टीम के लिए एक बेहतरीन हिटर की भूमिका निभा रहे हैं।