IPL 2023 का खिताब अपने नाम करने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने घुटने का सर्जरी करा लिया है। गुरुवार को उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अपना सफल ऑपरेशन कराया। महेंद्र सिंह धोनी को टूर्नामेंट के दौरान घुटनों में चोट लग गई थी। इसके बावजूद उन्होंने न सिर्फ पूरा सीजन खेलकर अपनी टीम का नेतृत्व किया बल्कि पांचवीं बार खिताब भी अपने नाम कर लिया। महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स के पहले मुकाबले के दौरान गुजरात टाइटंस की पारी के 19वें ओवर में दीपक चहर की गेंद पर चोट लगी थी। उस दौरान गेंद को पकड़ने के लिए एमएस धोनी ने ड्राइव लगाई। जिसके बाद वह कराते हुए नजर आए थे। उस वक्त उन्होंने अपना पैर पकड़ लिया था और वह बड़ी मुश्किल से खड़े हो पाए थे। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी मैदान से बाहर नहीं गए, थोड़ी देर तक वह परेशान जरूर नजर आए परंतु उन्होंने विकेटकीपिंग जारी रखा।
पट्टी लगाकर खेले पूरा सीजन
पहले मैच के बाद सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने महेंद्र सिंह धोनी के चोट को लेकर अपडेट दिया था। उस दौरान फ्लेमिंग ने बताया था कि टूर्नामेंट से पहले धोनी को घुटनों में दर्द हो रहा था। इस मैच में वही चोट उभर आया था। जिस वजह से वह बाद में अपने बाएं घुटने पर पट्टी बांधकर खेलते हुए नजर आए थे। महेंद्र सिंह धोनी इस IPL अधिकांश मुकाबलों में काफी नीचे बल्लेबाजी करने आए। इसके पीछे की वजह भी उनका चोटिल घुटना ही था। क्योंकि महेंद्र सिंह धोनी पिच पर अधिक दौड़ लगाने में सक्षम नहीं थे। अगर वह ऐसा करते तो चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो सकते थे। जिस वजह से उन्होंने निचले क्रम में आकर बड़े शाट्स लगाना ही उचित समझा।
संन्यास के सवाल पर रखी अपनी राय
पांचवी बार IPL की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद हर्षा भोगले से बातचीत में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने संन्यास की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि,”यदि आप मौजूदा परिस्थितियों को देखेंगे तो यह मेरे लिए सन्यास की घोषणा करने का सबसे अच्छा समय है। इस सीजन जिस तरीके से मुझे प्यार और स्नेह मिला है। उसके मद्देनजर सभी का धन्यवाद करते हुए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हो जाना सही लगता है। परंतु मेरे लिए कठिन यह होगा कि मैं अगले 6-7 महीनों तक खुद को तैयार कर एक और IPL सीजन खेलने की कोशिश करूं। मेरी तरफ से यह एक तरह का उपहार होगा। परंतु बहुत कुछ आपके शरीर पर निर्भर करता है।”