रविवार शाम चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में IPL 2023 के 61वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी है। इस मुकाबले में मिली हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली सीएसके के लिए प्लेऑफ का इंतजार थोड़ा बढ़ गया है।चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन अभी तक कुल 13 मुकाबले खेले हैं। जिसमें से उसे सात मुकाबलों में जीत और पांच में हार का सामना करना पड़ा है।जबकि लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ एक मुकाबला रद्द हो गया था।इस वक्त अंक तालिका में चेन्नई सुपर किंग्स के पास 15 अंक हैं। वह प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने से एक जीत दूर हैं।
रविवार को खेले गए मैच के दौरान भले ही चेन्नई सुपर किंग्स को हार का सामना करना पड़ा परंतु इस मैच के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खास अंदाज में सभी प्रशंसकों और पुलिस अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान एमएस धोनी ने मैदान पर चक्कर लगाकर दर्शकों को येलो जर्सी भी गिफ्ट की। इस पल को देखकर दर्शक काफी भावुक नजर आए। इस भावुक पल को देखकर ऐसा लगा कि यह महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी मैच हो सकता है। मैच के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी केविन पीटरसन ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर दिल छू लेने वाला बयान दिया है। इसके अलावा उन्होंने एम एस धोनी को लेकर एक खास मांग भी कर दी।
केविन पीटरसन का बयान
KKR के खिलाफ मिली हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी को लेकर केविन पीटरसन ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, “मैं एम एस धोनी को इंडियन प्रीमियर लीग में बतौर इंपैक्ट प्लेयर अगले 10 सालों तक खेलते हुए देखना चाहता हूं। उन्हें विकेट के पीछे कमाल की कीपिंग करते हुए और बल्ले से शानदार छक्का जड़ते हुए देखना, लोगों को खासा पसंद है।” आपको पता दें, केकेआर के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी को महज 2 गेंदों का सामना करने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने नाबाद रहते हुए 2 रन बनाए। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी ने जैसे ही चेपॉक के मैदान पर कदम रखा, तभी पूरा स्टेडियम माही-माही… के नारे से गूंज उठा।
महेंद्र सिंह धोनी की फैन फॉलोइंग को देखकर स्टार स्पोर्ट पर बातचीत में पीटरसन ने कहा कि,”यह माहौल किसी दूसरी टीम के खिलाफ देखने को नहीं मिलेगा। जैसा CSK और एमएस धोनी के लिए मिलता है।यही कारण है कि दूसरी टीमों के लिए CSK को हराना काफी मुश्किल होता है।”