रविवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम के हाथों 100 रनों से हारकर वनडे वर्ल्ड कप 2023 में इंग्लैंड की उम्मीदें लगभग समाप्त हो चुकी है। डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड के लिए यह वर्ल्ड कप किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है, क्योंकि उसे 6 मैचों में से केवल एक में जीत, जबकि 5 में हार का सामना करना पड़ा है। वह अब सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। रविवार को भारत के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर काफी नाराज नजर आए। भारत से हारने के बाद जोस बटलर का दर्द छलक उठा।
जोस बटलर ने कहा कि, “यह हार बेहद निराशाजनक है। मुझे नहीं पता था कि, ओस आएगी या नहीं? हालांकि, हमारे गेंदबाजों ने शानदार काम किया, लगातार विकेट गिरते रहे, हमने टीम इंडिया को 229 रनों पर रोक दिया। परन्तु हमारे बल्लेबाज दबाव नहीं झेल पाए, हम पार्टनरशिप करने में नाकाम रहे। हालांकि, हमारे ऊपर कोई स्कोरबोर्ड का दबाव नहीं था, लेकिन हमारे बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। हमारी टीम भारत के सामने टिक नहीं पाई। हमने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया।”
इसके बाद जोस बटलर ने चैंपियंस ट्राफी में अपनी जगह सुनिश्चित करने पर भी बयान दिया। दरअसल हाल ही में खबर आई है कि, इंग्लैंड का चैंपियंस ट्राफी में भी हिस्सा लेना काफी मुश्किल हो गया है।
चैंपियंस ट्राफी में सिर्फ 7 टीमें खेलेंगी और ICC ने ऐलान कर दिया है, कि CWC में भाग ले रही 10 टीमों में जो भी टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप 7 पोजीशन तक रहेगी वह ही साल 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा ले पायेगी। इस वक़्त इंग्लैंड पॉइंट्स टेबल में 10वें पायदान पर हैं। ऐसे में अगर इंग्लैंड टॉप-7 में जगह नहीं बना पाती है, तो वह चैंपियंस ट्राफी भी नहीं खेल पाएगी।
इसपर बयान देते हुए जोस बटलर ने कहा कि, “चैंपियंस ट्रॉफी के बारे में हमें जानकारी है। अभी हमारे पास खेलने के लिए बहुत कुछ बचा है।”
वहीं रविवार के मैच की बात करें तो इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए थे। जिसमे कप्तान रोहित शर्मा ने 87 रन तथा सूर्य कुमार यादव ने 49 रन बनाकर महत्वपूर्ण रोल प्ले किया। वहीं दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा कहर ढाया कि, इंग्लिश टीम की पूरी टीम महज 129 रनों पर पवेलियन लौट गई। इस दौरान मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने क्रमशः 4,3,2,1 विकेट चटकाए।



