शनिवार को भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए एशिया कप 2023 के सुपर 4 राउंड के अंतिम मुकाबले में टीम इंडिया को 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 265 रन बनाए थे। जिसके जवाब में भारत के टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल ने 121 रन जरूर बनाएं, परन्तु उनके अलावा लगभग सभी बल्लेबाज संघर्ष करते हुए नजर आए। दरअसल एशिया कप 2023 में भारत अधिकतर मुकाबले में टॉप ऑर्डर पर निर्भर रहा है। परन्तु शनिवार को जब मध्यक्रम और लोअर ऑर्डर की अग्निपरीक्षा हुई तो अक्षर पटेल को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिकता हुआ नजर नहीं आया। इस मैच में सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और अक्षर पटेल को छोड़ दिया जाए तो भारत का कोई भी बल्लेबाज 30 रन तक का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
भारत के टॉप ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि,अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा बल्ले से भी अहम योगदान देते हुए टीम को संभालेंगे। परंतु वह भी असफल रहे और 12 गेंद पर महज 7 रन बनाकर मुस्ताफिजुर रहमान की गेंद पर पेवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से भारतीय टीम को भरपूर सहयोग तो दे रहे हैं, परंतु उनकी बल्लेबाजी अब चिंता का विषय बन गई है। बतौर बल्लेबाज रवींद्र जडेजा पिछले डेढ़ साल से नाकाम रहे हैं।
रवींद्र जडेजा ने साल 2022 के बाद से वनडे क्रिकेट में कुल 11 परियों खेली हैं। जिसमें वह एक भी बार 50 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर सके हैं। रवींद्र जडेजा भारतीय टीम के लिए वनडे क्रिकेट में जिस स्थान पर बल्लेबाजी करते हैं, वहां स्ट्राइक रेट काफी मायने रखता है। परंतु हैरान करने वाली बात यह है कि रवींद्र जडेजा ने पिछले 11 पारियों में केवल एक बार 100 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बनाया है। वह भी वेस्टइंडीज के खिलाफ जब उन्होंने 7 गेंद पर महज 8 रन बनाए थे। जिसे देखकर ऐसा लग रहा है कि, रवींद्र जडेजा पुराने वाले जडेजा नहीं रहे बल्कि वह अब नाममात्र के ऑलराउंडर बनकर रह गए हैं।
2022 से रवींद्र जडेजा की बैटिंग परफॉर्मेंस(11 पारियों में)
29 (44), स्ट्राइक रेट 65.90
7* (15), स्ट्राइक रेट 46.66
45* (69), स्ट्राइक रेट 65.21
16 (39), स्ट्राइक रेट 41.02
18 (33), स्ट्राइक रेट 54.54
16* (21), स्ट्राइक रेट 76.19
10 (21), स्ट्राइक रेट 47.61
8* (7), स्ट्राइक रेट 114.28
14 (22), स्ट्राइक रेट 63.63
4(19), स्ट्राइक रेट 21.05
7 (12), स्ट्राइक रेट 58.33



