शुक्रवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीन मैचों के वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने कंगारूओं को पांच विकेट से मात दी है। इस मुकाबले में मेहमान ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 10 विकेट के नुकसान पर 276 रन बनाए थे। जिसे भारतीय टीम ने 5 विकेट गंवाकर 48.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को उसकी पहली पारी में 276 रनों पर समेटने में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने महत्वपूर्ण रोल निभाया। मोहम्मद शमी ने मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में 10 ओवर की गेंदबाजी करते हुए एक मेडन के साथ 51 रन देकर पांच विकेट चटकाए। इन 5 विकेटों के साथ मो. शमी ने एक बड़ा कीर्तिमान हासिल कर लिया है।
दरअसल मोहम्मद शमी के नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अब 37 विकेट हो गए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर विश्व विजेता कप्तान कपिल देव हैं। कपिल देव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 45 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा मोहम्मद शमी ने वनडे क्रिकेट में दूसरी बार पांच विकेट हासिल किया है। यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले उन्होंने साल 2019 में 69 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।
मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया है। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने के बाद मो. शमी ने बड़ा बयान दिया है। मोहम्मद शमी ने यह बताया है कि उनके पांच विकेटों में से उनका सबसे पसंदीदा विकेट मिचेल मार्श का था।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में मोहम्मद शमी ने कहा कि,”यह कप्तान और मैच की स्थिति पर निर्भर करता है, लेकिन गर्मी के बावजूद भी आपको नई गेंद के साथ 4-5 ओवर डालना अच्छा लगेगा। मुझे मार्श का विकेट लेने में मजा आया, जब आप अपने आउटस्विंग को अच्छी तरह से नियंत्रित करते हैं और विकेट के बाहर किनारा निकलता है, तो यह एक अलग ही एहसास होता है।”
मोहम्मद शमी ने आगे कहा कि,”इस विकेट पर सही लेंथ हिट करना महत्वपूर्ण था, चाहे धीमी गति से गेंद डालें या तेज गति से, लेकिन सही लेंथ डालना महत्वपूर्ण था। हम काफी समय से साथ खेल रहे हैं। तो हमें पता है कि क्या करना है और क्या नहीं? मैं आनंद लेता हूं, जब हम इस तरह से गेंदबाजी करते हैं।”



