भारत की मेजबानी में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान अभी तक नहीं हो पाया है। इसी साल के अंत में होने वाले इस टूर्नामेंट को महज 4-5 महीने रह गए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की तरफ से वर्ल्ड कप 2023 का ड्राफ्ट शेड्यूल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को भेज दिया गया है। जिसे ICC ने इस टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने वाले सभी देशों को शेयर कर दिया है। ताकि शेड्यूल को लेकर इन देशों का फीडबैक लिया जा सके। लेकिन अब कई मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 15 अक्टूबर(संभावित) को होने वाले लीग मुकाबले को खेलने से इनकार करने का मन बना लिया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इस निर्णय को लेने की भनक सुनकर पूर्व पाक क्रिकेटर शाहिद अफरीदी नाराज हो गए हैं। PCB के इस निर्णय पर पूर्व दिग्गज शाहिद अफरीदी ने अपनी नाराजगी जताई है। एक बयान में अफरीदी ने PCB को जमकर लताड़ लगाई है।
अफरीदी का बयान
पाकिस्तान के पूर्व विस्फोटक ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान के एक स्थानीय न्यूज़ चैनल से बातचीत में कहा कि,”वे अहमदाबाद की पिच पर खेलने से क्यों मना कर रहे हैं? क्या अहमदाबाद की पिच आग उगलती है या भूतिया है? वहां जाओ खेलो और जीतो। अगर यह एक चुनौती है तो इन से पार पाने का एकमात्र तरीका बड़ी जीत है। पाकिस्तान की टीम की जीत ही सबसे अधिक मायने रखती है, इसे सकारात्मक तौर पर लेना चाहिए। अगर भारतीय टीम वहां कंफर्टेबल है तो आपको जाना चाहिए और खचाखच भरे स्टेडियम में भारतीय दर्शकों के सामने जीत हासिल करनी चाहिए। वर्ल्ड कप में जीत के साथ यह दिखाना चाहिए कि आपने क्या हासिल किया है।”
अहमदाबाद में खेलने से दिक्कत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के कुछ अधिकारियों ने हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ नजम सेठी से मुलाकात की थी। जहां उन्होंने वर्ल्ड कप के दौरान लीग स्टेज में अहमदाबाद में मैच न खेलने की बात कही थी। अहमदाबाद की पिच पर पाकिस्तान को लीग स्टेज में ही खेलने में दिक्कत है, जबकि फाइनल, सेमीफाइनल या नॉकआउट मुकाबले में उसे किसी भी प्रकार की प्रॉब्लम नही है।
वहीं दूसरी तरफ भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को लीग स्टेज का मुकाबला कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला एक बड़ा मैच होता है। इसलिए BCCI इस महामुकाबले को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानी नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में आयोजित करने को इच्छुक है।



