अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज नवीन उल हक अभी हाल ही में संपन्न हुए इंडियन प्रीमियर लीग में विराट कोहली से विवाद करने के चलते सुर्खियों में आ गए थे। विराट से विवाद करने के बाद नवीन उल हक लगातार उनके प्रशंसकों के निशाने पर रहते हैं। विराट और नवीन उल हक के बीच यह विवाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच खेले गए एक लीग मुकाबले के दौरान हुआ था। जिसमें विराट और नवीन उल हक में पहले कहासुनी होती है। जिसके बाद मामला LSG के मेंटर गौतम गंभीर तक पहुंच जाता है। और दोनों आपस में भिड़ जाते हैं।
विराट कोहली से हुए विवाद के बाद नवीन उल हक सार्वजनिक तौर पर भारतीय बल्लेबाज को लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। परंतु वह अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से कुछ ऐसी हरकतें कर रहे हैं जिसे देख कर ऐसा लगता है कि विराट से हुए विवाद को लेकर उनके मन में अभी भी कुछ न कुछ चल रहा है। वैसे तो इस घटना को अब करीब दो महीने बीत चुके हैं। परंतु इसके बावजूद नवीन उल हक ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रहस्यमय वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें एक बाघ और एक गधे के बीच बहस को दिखाया जा रहा है। जिसे पोस्ट करते हुए नवीन ने लिखा,”WORDS….”
वीडियो के अंत में एक मैसेज दिया जाता है। जो कुछ इस प्रकार है- “मूर्ख और कट्टरपंथी के साथ बहस करना समय की सबसे खराब बर्बादी है। जो सच्चाई या वास्तविकता की परवाह नहीं करता है, बल्कि केवल अपने विश्वासों और भ्रमों की जीत की परवाह करता है। ऐसे लोग हैं जो चाहे हम उनके सामने कितने भी सबूत पेश करें, वे समझने में सक्षम नहीं हैं, और अन्य लोग अहंकार, घृणा और नाराजगी में अंधे हो गए हैं। और वे केवल अपने आपको सही साबित करना चाहते हैं, भले ही वे सही न हों।
बताते चलें कि, विराट को लेकर हुए विवाद पर नवीन उल हक ने यह दावा किया था कि, हाथ पकड़ने और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने के कारण यह बहस हुई थी। फिलहाल कारण जो भी रहा हो परंतु मुकाबले के बाद विराट कोहली, नवीन उल हक और गौतम गंभीर से BCCI ने बड़ा जुर्माना वसूल किया था।



