इंडियन प्रीमियर लीग की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने 23 दिसंबर को कोच्चि में संपन्न हुए मिनी ऑक्शन के दौरान इंग्लैंड टीम के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स को अपनी टीम का हिस्सा बना लिया है। सीएसके ने बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपने खेमे में शामिल किया। जिसके बाद बेन स्टोक्स IPL इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।इस दौरान बेन स्टोक्स ने साल 2017 में 14.5 करोड़ रुपए में और साल 2018 में 12.5 करोड़ रूपये में बिकने का अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। बेन स्टोक्स पर बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल करने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथ ने मीडिया से बातचीत में अपने इस निर्णय पर खुशी जाहिर की, साथ ही यह भी बताया कि बेन स्टोक्स को खरीदने के बाद एमएस धोनी की क्या प्रतिक्रिया है।
कैप्टन कूल खुश
चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथ ने बताया कि बेन स्टोक्स को अपनी टीम में शामिल करने के बाद एमएस धोनी प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा है कि, “स्टोक्स को पाकर हम काफी उत्साहित है। इसके साथ हम अपने आप को सौभाग्यशाली समझते हैं कि वह आखिर में वह हमारे पास आ ही गए। हम एक आलराउंडर चाहते थे, उसकी भरपाई होने पर एम एस धोनी खुश हैं। क्योंकि हमें स्टोक्स मिल गए।”
भविष्य के कप्तान
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए IPL का यह 16वां सीजन आखिरी हो सकता है। क्योंकि वह अब 41 वर्ष के हो चुके हैं। उन्होंने साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट और साल 2019 में व्हाइट बाल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि IPL से संन्यास लेने संबंधी उनका कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है। धोनी का अंतिम IPL होने की स्थिति में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले सीजन के लिए CSK को एक नए कप्तान की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में बेन स्टोक्स का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ना कप्तानी का भी एक बेहतर विकल्प हो सकता है। बेन स्टोक्स मौजूदा समय में इंग्लैंड टेस्ट टीम की कप्तानी का जिम्मा संभाल रहे हैं।