इंडियन प्रीमियर लीग के आगाज में महज 2 दिनों का वक्त बचा है। पहला मुकाबला शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। वहीं IPL की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस 2 अप्रैल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। मुंबई अपना पहला मैच RCB के खिलाफ खेलेगी।IPL शुरू होने से पहले क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय लीग से जुड़े विभिन्न इंटरेस्टिंग फैक्ट पर जमकर चर्चा हो रही है। इसी क्रम में आइए हम एक और इंटरेस्टिंग तथ्य पर चर्चा करते हुए जान लेते हैं कि आखिर IPL का सबसे बड़ा शून्य वीर कौन है? अर्थात कौन सा बल्लेबाज IPL में अबतक सबसे अधिक बार जीरो पर आउट होकर पैवेलियन लौटा है।
शून्यवीर रोहित शर्मा
इंडियन प्रीमियर लीग के सबसे सफल खिलाड़ियों की जब गिनती की जाती है तो उसमें रोहित शर्मा का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। रोहित शर्मा ने अब तक IPL के 227 मैचों में 30.30 की औसत से 5879 रन बनाए हैं। वह IPL में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर आते हैं। रोहित शर्मा के नाम IPL में सर्वाधिक बार जीरो पर आउट होने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। वह मनदीप सिंह के साथ शून्य पर आउट होने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। यह दोनों बल्लेबाज इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 14-14 बार जीरो पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
दूसरे नंबर पर इन खिलाड़ियों का नाम शामिल
IPL के इतिहास में सर्वाधिक बार जीरो पर आउट होने के मामले में 6 भारतीय बल्लेबाज संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। दिनेश कार्तिक, अंबाती रायडू, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, पार्थिव पटेल और अजिंक्य रहाणे इंडियन प्रीमियर लीग में 13-13 बार शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं। वहीं विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो राशिद खान, सुनील नरेन और ग्लेन मैक्सवेल ऐसे खिलाड़ी हैं। जिन्होंने 12 मर्तबा बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता देखा है।