बुधवार शाम राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए IPL 2023 के 8वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को भले ही 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। परन्तु RR के स्पिन गेंदबाज युजवेंन्द्र चहल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूज़वेंद्र चहल ने कल के मैच में अपने 4 ओवर के स्पैल में 50 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।इस दौरान उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को रियान पराग के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। जितेश शर्मा का विकेट हासिल करते ही यूज़वेंद्र चहल इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने श्रीलंकाई दिग्गज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया।
नंबर-1 पर कैरेबियाई खिलाड़ी का जलवा
दरअसल श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने अपने IPL करियर के दौरान 122 मुकाबले में 170 विकेट चटकाए थे। वहीं यूज़वेंद्र चहल ने 133, IPL मुकाबले में 171 विकेट चटकाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज ड्वेन ब्रावो के नाम है। उन्होंने 161 IPL मैचों में 183 विकेट चटकाए हैं। ड्वेन ब्रावो पिछले सीजन तक IPL का हिस्सा रहे थे। परंतु इस सीजन वह बतौर गेंदबाजी कोच CSK के साथ जुड़े हैं।
चहल के पास नंबर -1 बनने का मौका
यजुवेंद्र चहल ने साल 2013 में इंडियन प्रीमियर लीग में पदार्पण किया था। उसके बाद से चहल 11 सीजन में 133 मुकाबले खेल चुके हैं। यूज़वेंद्र चहल का बॉलिंग औसत 21.58 का तथा इकोनामी 7.62 की रही है। IPL 2023 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए 2 मुकाबले में चहल ने क्रमशः 4 व 1 विकेट चटकाए हैं। वह पिछले सीजन में पर्पल कैप के विनर थे। यदि इस सीजन में वह 13 विकेट और चटकाने में सफल होते हैं तो इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।



