कोच्चि में IPL के 16 वें सीजन के लिए चल रहे हैं मिनी ऑक्शन में जहां ढेर सारे रिकॉर्ड बने और टूटे, वहीं वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने भी एक रिकॉर्ड अपने नाम किया। विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन IPL के इतिहास के सबसे महंगे विकेटकीपर बन गए हैं। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16 करोड़ रुपए में खरीदा है। इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने IPL के पिछले सीजन में सर्वाधिक पैसे (15.25 करोड रुपए) लगाकर विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को खरीदा था। उस वक्त वह साल 2022 के IPL के लिए सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। ईशान किशन इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम वनडे मुकाबले में शानदार दोहरा शतक जमाया था।
आपको बता दें IPL के पहले सीजन के लिए महेंद्र सिंह धोनी सबसे महंगे खिलाड़ी होने के साथ सबसे महंगे विकेटकीपर भी रहे थे। जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.5 करोड रुपए में खरीदा था। जिसके बाद से वह निरंतर चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बने हुए हैं।
निकोलस पूरन पर किस-किस ने लगाया दांव
निकोलस पूरन का बेस प्राइज दो करोड़ रुपए था। सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच निकोलस पूरन को खरीदने के लिए बिडिंग वार हुआ।जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने 7 करोड़ के बाद अपने पैर पीछे खींच लिए। हालांकि अंत में लखनऊ सुपरजाइंट्स और दिल्ली कैपिटल्स ने निकोलस को खरीदने में खास दिलचस्पी दिखाई। जिसके बाद दिल्ली कैपिटल्स 15.75 करोड़ पर जाकर थम गई और 16 करोड़ में लखनऊ की टीम ने बाजी मार ली। निकोलस पूरन अपने बेस प्राइज से 8 गुना अधिक मूल्य में बिके हैं ।