IPL 2023 के पांचवें डबल हेडर में आज शाम 7:30 बजे से लखनऊ के ‘भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम’ में लखनऊ सुपरजाइंट्स और पंजाब किंग्स की टीमें आमने-सामने होंगी। उससे पहले लखनऊ सुपरजाइंट्स की टीम ने अपने स्क्वॉड में एक बड़ा बदलाव किया है।दरअसल लखनऊ सुपरजाइंट्स के गेंदबाज मयंक यादव इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर लखनऊ की टीम ने अर्पित गुलेरिया को अपने स्क्वॉड में शामिल किया है। अर्पित गुलेरिया मंयक के रिप्लेसमेंट के तौर पर लखनऊ टीम का हिस्सा बने हैं।
कौन है अर्पित गुलेरिया?
26 अप्रैल 1997 को हिमाचल प्रदेश के कंगारा में जन्मे 25 वर्षीय दाएं हाथ के मीडियम पेसर अर्पित गुलेरिया ने हिमाचल प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। इस समय वह सर्विसेज के लिए खेलते हैं। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में 15 फर्स्ट क्लास मैच और 12 लिस्ट ए मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने क्रमश: 44 और 11 विकेट चटकाए हैं। अर्पित गुलेरिया को अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। उन्हें 20 लाख रुपए में लखनऊ सुपरजाइंट्स ने अपनी टीम में शामिल किया है।
IPL 2023 में LSG का प्रदर्शन
केएल राहुल की अगुवाई वाली लखनऊ सुपरजाइंट्स के लिए IPL 2023 का अबतक का सीजन काफी अच्छा गुजरा है। इस सीजन में लखनऊ सुपरजाइंट्स ने 4 में से 3 मुकाबले जीते हैं। LSG, 6 अंकों के साथ समय अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है। यदि आज वह पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल होती है तो अंक तालिका में उसकी बादशाहत कायम हो जाएगी।