भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2023 के फाइनल मुकाबले में पहुंच चुकी है। फाइनल मैच आगामी 17 सितंबर को कोलंबो के आर प्रेम दास स्टेडियम में खेला जाना है। परंतु उससे पहले शुक्रवार यानी 15 सितंबर को भारत और बांग्लादेश की भिड़ंत होने वाली है। भारतीय टीम ने 12 सितंबर को श्रीलंका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।जबकि बांग्लादेश सुपर 4 में दो मुकाबले हारकर पहले ही फाइनल में पहुंचने की रेस से बाहर हो चुकी है। ऐसे में यह मैच दोनों टीमों के लिए एक औपचारिक मुकाबला मात्र बनकर रह गया है।हालांकि फिर भी दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखे जाने की उम्मीद है।
दरअसल भारत के लिए यह मुकाबला एक प्रैक्टिस मैच की तरह है। इसलिए टीम इंडिया इस मैच में उन खिलाड़ियों को भी मौका दे सकती है, जो अभी तक खेले गए चार मैचों में प्लेइंग 11 में जगह बनाने से चूक गए थे।भारतीय क्रिकेट टीम के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान भारत के प्लेइंग इलेवन में बदलाव किए जाने के सवालों का जवाब दिया है।
टीम इंडिया के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने मैच से एक दिन पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात के हिंट दिए हैं कि भारतीय टीम इस मैच में अपने प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है। उन्होंने कहा, “भारत पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है, इसलिए कल के मैच में प्लेइंग 11 में बदलाव किए जाने की संभावना है।”हालांकि उन्होंने यह भी कहा, “कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ ही इसपर अंतिम फैसला लेंगे।”
आपको बता दें, फाइनल मैच से पहले भारत अपने बॉलिंग यूनिट में बदलाव कर सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि अनुभवी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार गेंदबाज मोहम्मद सिराज में से किसी एक को फाइनल से पहले रेस्ट दिया जा सकता है। उनके स्थान पर मोहम्मद शमी प्लेइंग 11 का हिस्सा हो सकते हैं। इसके अलावा बैटिंग डिपार्टमेंट में केएल राहुल या ईशान किशन में से किसी एक को आराम देते हुए सूर्यकुमार यादव के लिए जगह बन सकती है। टीम में इससे अधिक बदलाव की संभावना नहीं नजर आ रही है।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज/मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह/मोहम्मद शमी।



