जका अशरफ को 4 महीने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनका चुनाव PCB की 10 सदस्यों वाली एक मैनेजमेंट कमेटी ने किया है। दरअसल अदालत में चल रहे कानूनी विवादों के कारण पीसीबी के अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही थी। जिस कारण पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने 4 महीने के लिए एक नई PCB मैनेजमेंट कमेटी को मंजूरी दे दी और जका अशरफ को नया अध्यक्ष बना दिया गया। पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज जहीर अब्बास को भी मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों में शामिल किया गया है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, PCB के अध्यक्ष के लिए 27 जून को चुनाव होने वाले थे, परंतु गवर्निंग बाडी के गठन को चुनौती देने वाली विभिन्न याचिकाएं हाईकोर्ट में मैनेजमेंट के पूर्व सदस्यों द्वारा दायर की गई, जिसके चलते इसे स्थगित कर दिया गया। पाकिस्तान के बलूचिस्तान हाईकोर्ट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष के चुनाव पर 17 जुलाई तक रोक लगा दी है।
संविधान के उल्लंघन का लगा आरोप
दरअसल बलूचिस्तान हाई कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान यह दावा किया गया था कि PCB के गवर्निंग बोर्ड का गठन साल 2014 के संविधान का उल्लंघन करके किया गया है। परंतु कोर्ट ने PCB की दलीलें न सुनते हुए सभी हितधारकों को अगले सत्र उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी कर दिया।
अंतर प्रांतीय समन्वय मंत्रालय ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से कहा कि, PCB के मौजूदा चुनाव आयुक्त अहमद शहजाद फारुख राणा की अक्षमता के कारण यह मुकदमे नियमित कामकाज में बाधा बन रहे हैं।
PCB बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष को प्रधानमंत्री द्वारा चुना जाता है। जिसका कार्यकाल 3 वर्षों का होता है। इसके लिए मौजूदा पाक पीएम की पहली पसंद अशरफ थे। जबकि इससे पहले नजम सेठी पीसीबी के अध्यक्ष बनाए गए थे।



