टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक आज अपना 38 वां जन्मदिन मना रहे हैं। दिनेश कार्तिक का जन्म 1 जनवरी 1985 को मद्रास(चेन्नई) में हुआ था। 180 मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले दिनेश कार्तिक ने अपने क्रिकेट करियर में ढेर सारे उतार-चढ़ाव देखे हैं। दिनेश कार्तिक ऐसे खिलाड़ी रहे हैं।जो कभी डिप्रेशन तक का शिकार हो गए थे। परंतु इसके बावजूद उन्होंने अपने जीवन में कभी हार नहीं माना और भारतीय क्रिकेट में अपना योगदान देना जारी रखा। साल 2004 में दिनेश कार्तिक ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। बतौर विकेटकीपर उनका क्रिकेट कैरियर हमेशा अधर में रहा। क्योंकि प्रत्येक बार उन्हें टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज विकेटकीपर के साथ प्रतिस्पर्धा करनी पड़ी। इसके बावजूद उन्होंने भारत के लिए अलग-अलग प्रारूपों में 150 से अधिक मुकाबले खेले।
जब डिप्रेशन में चले गए कार्तिक
क्रिकेट करियर में उतार-चढ़ाव के बीच दिनेश कार्तिक के लिए साल 2012 में निजी जिंदगी में भी बुरा दिन आया। जब उन्हें उनकी पहली पत्नी ने तलाक दे दिया। वैसे तो दिनेश कार्तिक इस घटना को इतना अधिक तवज्जो नहीं देते हैं परंतु उस वक्त वह अंदर से टूट चुके थे। जिस वजह से वह डिप्रेशन के भी शिकार हो गए। इसका असर उनके क्रिकेट करियर पर भी पड़ा और वह भारतीय टीम से बाहर हो गए।
भारतीय टीम से बाहर होने के बाद दिनेश कार्तिक के दोस्त और मेंटर अभिषेक नायर ने विपरीत हालात में उनकी मदद की। दिनेश को डिप्रेशन से बाहर निकालने के लिए अभिषेक नायर उन्हें जिम ले गए। संयोगवश उसी जिम में भारतीय स्क्वैश की महिला चैंपियन दीपिका पल्लीकल भी आती थी। जिनसे दिनेश कार्तिक को प्रेम हो गया और उन्होंने डीके को डिप्रेशन से बाहर निकालने और दोबारा क्रिकेट मैदान तक वापस ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दोबारा रचाई शादी
दिनेश कार्तिक के दोस्त अभिषेक नायर और दीपिका पल्लीकल के लगातार काउंसलिंग के बाद DK में काफी सुधार हुआ और वह अपने नेट अभ्यास पर दोबारा लौटे। उस दौरान डीके ने कड़ी मेहनत की और एक बार फिर से उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई। चीजें पूरी तरीके से सामान्य हो जाने के बाद दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल ने एक दूसरे से विवाह कर लिया। दिनेश कार्तिक जिस मुकाबले में टीम इंडिया को जीत दिलाने के लिए सबसे अधिक याद किया जाएगा वह निदास ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला था। फाइनल मुकाबले में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम ओवरों में 8 गेंदों पर 29 रन जड़कर भारतीय टीम को जीत दिला दी थी।
बताते चलें कि, दिनेश कार्तिक अभी हाल ही में संपन्न हुए मौजूदा IPL सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले गए पिछले T20 वर्ल्ड कप में भी बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज प्रतिभाग किया था। फिलहाल दिनेश कार्तिक अब भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है। और न ही उन्हें टीम इंडिया का हिस्सा बनाए जाने को लेकर किसी भी प्रकार की चर्चा की जा रही है। जिस वजह से वह कमेंट्री में अपना हाथ आजमा रहे हैं।



