रविवार शाम चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए IPL 2023 के 61वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने एमएस धोनी की अगुवाई वाली सीएसके को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ KKR ने प्लेऑफ की रेस में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। अंक तालिका में उसके पास अब 12 अंक हो गए हैं और वह छठे पायदान पर है।वहीं दूसरी तरफ भले ही इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को हार मिली हो परंतु अपने होम ग्राउंड पर धोनी की शानदार लोकप्रियता देखने को मिली। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर बल्लेबाज केवल 2 गेंदों का सामना किया। इसके बावजूद पूरा स्टेडियम माही माही…के नारे से गूंज उठा।
मैच की समाप्ति के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी टीम के साथी खिलाड़ियों के साथ मैदान का चक्कर लगाया। इस मैच के दौरान पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर और एम एस धोनी के बीच एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
गावस्कर को धोनी ने दिया आटोग्राफ
मुकाबले के बाद पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और महेंद्र सिंह धोनी की मुलाकात होती है। उसी दौरान एम एस धोनी, सुनील गावस्कर को उनके टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ देते हुए नजर आते हैं। इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के गले मिलते हैं। यह पल दर्शकों के दिल को छू लेने वाला था। क्योंकि सुनील गावस्कर ने इतना बड़ा कद होने के बावजूद एम एस धोनी से खुद ऑटोग्राफ मांगा था। इस दौरान सुनील गावस्कर ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक बड़ी बात कह दी। सनी ने एमएस धोनी को सदियों का खिलाड़ी बताया है। गावस्कर ने कहा कि,”एम एस धोनी जैसे खिलाड़ी सदी में एक बार आते हैं।”
वनडे वर्ल्ड कप 2011 में मिली जीत को याद करते हुए सनी ने आगे कहा कि, “मैं मरते दम तक महेंद्र सिंह धोनी का विजई छक्का देखना चाहूंगा, जो उन्होंने 2011 के वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में नुवान कुलशेखरा की गेंद पर लगाया था।”बताते चलें कि महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी IPL 2023 हो सकता है। उनके रिटायरमेंट के कयास जोरों पर हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।