19 दिसंबर को IPL 2024 के लिए दुबई के कोका-कोला एरिना में हुआ मिनी ऑक्शन संपन्न हो चुका है। जहां सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने कुल 72 खिलाड़ियों पर बोली लगाकर उन्हें अपने टीम का हिस्सा बनाया है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क जैसे खिलाड़ियों पर जहां इस ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली लगाई गई। वहीं कई युवा और अनकैप्ड खिलाड़ियों ने भी बाजी मारी है।
ऐसे ही खिलाड़ियों में भारतीय बल्लेबाज कुमार कुशाग्र का नाम भी शामिल है। जिन पर बोली लगाने के लिए गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने 7.2 करोड रुपए में उन्हें अपने खेमे में शामिल करने में सफलता अर्जित की। कुमार कुशाग्र एक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, वह पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के राज्य, यानी झारखंड से आते हैं।
कुमार कुशाग्र अब भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर रिकी पोंटिंग के निर्देशन में खेलते हुए नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने उनके ऊपर इस कदर क्यों भरोसा जताया है? इसके पीछे की कहानी सामने आ गई है। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कुमार कुशाग्र के पिता शशिकांत कुशाग्र ने बड़ा खुलासा किया है। उनका कहना है कि, कुमार कुशाग्र में सौरव गांगुली ने महेंद्र सिंह धोनी की झलक देखी थी।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए पिता शशिकांत कुशाग्र ने कहा, “ट्रायल्स में, गांगुली उनके छक्का मारने की क्षमता और मैदान पर खेलने की क्षमता से प्रभावित थे। उनके कीपिंग कौशल ने भी गांगुली को प्रभावित किया और यहां तक कि उन्हें बताया कि, जब वह बेल्स मारते हैं तो उनमें एमएस धोनी की झलक दिखती है।”
शशिकांत कुशाग्र ने आगे कहा कि,“ईडन (गार्डन) में ट्रायल के बाद, गांगुली ने कुशाग्र से कहा कि वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे और फ्रेंचाइजी उनके लिए ₹10 करोड़ की बोली लगाएगी। मैंने सोचा था कि उन्हें बेस प्राइस पर कैपिटल्स द्वारा चुना जाएगा। कुछ मिनटों के लिए मैं बहुत स्तब्ध हो गया था। कोई केवल चमत्कारों के बारे में ही सोच सकता है, आज का दिन भी कुछ ऐसा ही था। वह आश्वस्त था क्योंकि गांगुली ने उससे वादा किया था, लेकिन मुझे लगा कि उन्होंने उसे प्रोत्साहित करने के लिए ऐसा कहा होगा।”
कुमार कुशाग्र का रिकॉर्ड घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा है। उन्होंने 13 फर्स्ट क्लास मैचों में 39.45 की औसत से 868 रन बनाए हैं। जबकि 23 लिस्ट A मुकाबलों में उनके नाम 700 रन दर्ज हैं।