भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। क्वींस पार्क ओवल में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के बाद मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। इस मुकाबले में टीम इंडिया के लगभग सभी बल्लेबाजों ने अपने बल्ले से महत्वपूर्ण योगदान दिया। जिसमें विराट कोहली ने शानदार 121 रनों की शतकीय पारी खेली। जबकि कप्तान रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा और आर अश्विन ने शानदार अर्धशतक जमाया। जब भारतीय टीम के अधिकतर बल्लेबाज रन बना रहे हैं तो वहीं स्टार बल्लेबाज ईशान किशन फ्लॉप नजर आए हैं। इस मुकाबले में उन्हें 25 रनों की अच्छी शुरुआत जरूर मिली, परंतु वह इसे शतक या अर्धशतक में तब्दील करने में नाकामयाब रहे। ईशान किशन के इस तरीके से आउट होने के रवैए को लेकर जहीर खान ने नाराजगी जताई है।
जियोसिनेमा पर भारतीय पारी का रिव्यू करते हुए टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने कहा कि, “उन्होंने अपनी पारी की काफी अच्छी तरीके से शुरुआत की थी। वह खुद इस बात से काफी निराश होंगे।वे 30 से 40 गेंद खेल चुके थे परन्तु 25 रन को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकामयाब रहे। टेस्ट क्रिकेट में यदि आप शुरुआत में ही आउट हो जाते हैं तो इससे कोई परेशानी नहीं होती है। परंतु यदि आप लंबे समय तक रुक कर बिना अधिक रन बनाए आउट होते हैं, तो काफी दुख होता है।”
अश्विन को सराहा
इस दौरान जहीर खान ने टीम इंडिया के ऑल राउंडर रविचंद्रन अश्विन की तारीफ में कसीदे पढ़े। आर अश्विन को लेकर जहीर खान ने कहा कि, रविचंद्रन अश्विन ने काफी धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। क्योंकि उस समय जितने भी रन उन्होंने बनाए, वह टीम के लिए काफी अच्छा था। उनकी बल्लेबाजी की वजह से टीम इंडिया 400 रनों का आंकड़ा पार कर पाई। यह अलग बात है कि उन्हें दूसरे छोर पर मदद नहीं मिला रहा था, इसलिए वह तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे थे।
वहीं मुकाबले की बात करें, तो टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने सभी विकेट खोकर 438 रन बनाए थे। जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में अभी तक 1 विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिया है। मेजबान टीम इस समय टीम इंडिया से 352 रन पीछे है। जबकि दूसरे टेस्ट मैच में अभी भी तीन दिन का खेल शेष बचा है।



