भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बीते साल 30 दिसंबर को हुए कार हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं।गंभीर रूप से घायल ऋषभ पंत के मैदान में वापसी के जल्द ही आसार नजर आने लगे हैं। ऋषभ पंत को लेकर जारी ताजा हेल्थ अपडेट में उनके करीब 2 सप्ताह के भीतर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा 2 महीने के भीतर वह अपना रिहैब प्रोग्राम भी शुरू कर सकते हैं।
आपको बता दें 30 दिसंबर को दिल्ली से रुड़की जाते वक्त ऋषभ पंत की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। जिसके बाद पंत के सिर से लेकर पैर तक चोट आई थी। इस हादसे में ऋषभ पंत के घुटने के तीन लिगामेंट टूट गए थे। जिसमें से दो की सर्जरी संपन्न हो चुकी है। जबकि तीसरे लिगामेंट की सर्जरी होने में 6 सप्ताह का समय है।बताया जा रहा है कि तीसरे लिगामेंट की सर्जरी शायद न करना पड़े और वह अपने आप जुड़ जाए।
कब होगी मैदान में वापसी
BCCI के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ऋषभ पंत 2 सप्ताह के अंदर डिस्चार्ज किए जा सकते हैं। उसके बाद BCCI द्वारा उनका रिहैब चैप्टर तैयार किया जाएगा। जिसे शुरू होने में करीब 2 महीने का वक्त लगेगा। मतलब कि 2 महीने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि ऋषभ पंत कितने दिनों तक क्रिकेट से दूर रहने वाले हैं। परंतु कयास लगाए जा रहे हैं कि वह करीब 5 से 6 महीने तक क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे। एक बात तो बिल्कुल साफ है कि ऋषभ पंत IPL के 16 वें सीजन का हिस्सा नहीं होंगे। इसके अलावा आगामी एशिया कप और वनडे विश्वकप से भी वह दूर रह सकते हैं। इस समय भारतीय बल्लेबाज ऋषभ पंत मुंबई के धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती हैं।



