IPL 2023 में अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्का जड़कर सुर्खियों में आए रिंकू सिंह का चयन टीम इंडिया में नहीं हुआ है। ऐसा माना जा रहा था कि वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली भारतीय टी20 टीम में रिंकू सिंह का नाम होगा। परंतु वह T20 स्क्वॉड में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो सके। रिंकू को भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बनाने पर कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने BCCI की सिलेक्शन कमेटी पर सवालिया निशान खड़ा किया था। रिंकू सिंह को जब भारतीय टीम में नहीं चुना गया तो उस दौरान उनके कोच ने यह बात कही थी कि रिंकू सिंह आसानी से हार मानने वालों में से नहीं हैं। वह और कड़ी मेहनत कर टीम इंडिया में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेंगे।
बांके बिहारी की शरण में रिंकू
रिंकू सिंह अपने कोच की बात मानकर इस समय जरूर कड़ी मेहनत कर रहे होंगे। परंतु इन सब के बीच वह भगवान की भक्ति के लिए भी समय निकालने में कामयाब दिख रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर रिंकू सिंह की एक तस्वीर सामने आई है। जिसमें वह वृंदावन जाकर बांके बिहारी का दर्शन करते हुए नजर आए हैं। दरअसल रिंकू सिंह इन दिनों भक्ति में लीन हैं। वह अपने कुछ दोस्तों के संग वृंदावन पहुंचे हैं। रिंकू सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयरकर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि श्री बांके बिहारी लाल की जय!
आयरलैंड दौरे पर मिलेगा मौका!
वेस्टइंडीज दौरे पर T20 टीम में नहीं चुने जाने के बाद कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि BCCI ने रिंकू सिंह के लिए अलग प्लान बना रखा है। दरअसल BCCI रिंकू सिंह को आयरलैंड के खिलाफ होने वाले टी-20 सीरीज में मौका देना चाहती है। आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की कप्तानी का जिम्मा हार्दिक पांड्या को सौंपा जाएगा। संभावना है कि अभी हाल ही में संपन्न हुए IPL 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को इस दौरे पर अपने आप को साबित करने का मौका मिल सकता है। जिसमें एक बड़ा नाम रिंकू सिंह का भी है।