डायरेक्टर कार्तिकी गोंजाल्विस के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स’ ने 95वें एकेडमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ शार्ट फिल्म होने के कारण ऑस्कर पुरस्कार जीता है। ऑस्कर जीतने के बाद जहां इस फिल्म को देखने के लिए दर्शक लालायित हैं। वहीं इससे जुड़े विभिन्न किरदारों की भी जमकर सराहना हो रही है। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में रियल लाइफ में हाथियों का देखभाल करने वाले बोमन और बेली(जिनके ऊपर यह फिल्म बनाई गई)ने टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की है।
चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आज शाम एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। चेपॉक स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले के लिए महेंद्र सिंह धोनी की सेना तैयार है। इस मुकाबले के 1 दिन पहले यानी मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें बोमन और बेली को सम्मानित किया गया।इस दौरान फिल्म की निर्माता कार्तिकी गोंजाल्विस भी मौजूद रहीं।
इस मुलाकात को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें महेंद्र सिंह धोनी और उनकी क्यूट बच्ची जीवा धोनी आए हुए मेहमानों से मुलाकात करते हुए दिख रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान एम एस धोनी ने सभी को चेन्नई सुपर किंग्स के नंबर 7 वाली जर्सी भी भेंट की। जिस पर उन सभी के नाम भी लिखे हुए थे।
फिल्म की बात करें तो ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स’ में रघु नामक एक शख्स हाथियों की देखभाल करता है।इस फिल्म में वह हाथियों को शिकारियों से बचाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर देता है। यह फिल्म बोमन और बेली के जोड़े से प्रेरित है।ऑस्कर पुरस्कार की बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म श्रेणी में विजेता बनी 41 मिनट की यह फिल्म इंसान और हाथी के अद्भुत प्रेम को बयां करती है।