हाल ही में प्रकाशित हुए एक रिपोर्ट में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी द्वारा एक पार्टी के दौरान एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के प्रकरण को फ्रेंचाइजी ने काफी गंभीरता से लिया है। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने घटना के बाद अपने खिलाड़ियों के लिए सख्त कोड आफ कंडक्ट लागू कर दिए हैं।DC द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार अब कोई भी खिलाड़ी अपने किसी भी परिचित व्यक्ति को रात 10:00 बजे के बाद अपने कमरे में नहीं ले जा सकेगा।इसके अलावा यदि किसी खिलाड़ी को होटल से बाहर जाना है तो उसे पहले फ्रेंचाइजी को इसकी सूचना देनी होगी।
सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए उठाया कदम
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स ने DC के खिलाड़ी द्वारा महिला के साथ अभद्रता किए जाने की खबरों के बीच अपनी सकारात्मक छवि को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाए हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दिल्ली के किसी भी खिलाड़ी को यदि अपने मेहमान के साथ मनोरंजन करना है, तो वह उनसे होटल के रेस्तरां या कॉफी शॉप में मिल सकते हैं। परंतु यदि खिलाड़ियों को बाहर जाना है तो उन्हें पहले फ्रेंचाइजी के अधिकारियों को सूचित करना होगा।कोड आफ कंडक्ट का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर फ्रेंचाइजी द्वारा खिलाड़ी पर फाइन लगाने के साथ-साथ कांट्रैक्ट भी खत्म करने का निर्णय लिया जा सकता है।
पत्नी या गर्लफ्रेंड के साथ यात्रा की अनुमति
दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने अपने टीम के सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को अपने साथ अपनी पत्नी या गर्लफ्रेंड्स को लेकर यात्रा करने की अनुमति दी है। परन्तु उन्हें अपने-अपने पार्टनर के यात्रा खर्च का वहन स्वयं करना होगा। जबकि अपने परिवार के किसी और सदस्य को शामिल करने से पहले खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी के अधिकारियों को सूचना देना अनिवार्य है।
बताते चलें कि, दिल्ली कैपिटल्स के लिए अभी तक यह सीजन अच्छा नहीं गुजरा है। इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स ने कुल 7 मुकाबले खेले हैं। जिसमें से उसे केवल दो में जीत मिली है।DC इस समय अंक तालिका में दसवें पायदान पर है और उसके लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल नजर आ रही है।