Homeफीचर्डभारत से छीन सकती है वनडे विश्व कप 2023 की मेजबानी, जानिए...

संबंधित खबरें

भारत से छीन सकती है वनडे विश्व कप 2023 की मेजबानी, जानिए क्या है प्रमुख कारण?

साल 2023 में भारत की मेजबानी में आईसीसी वनडे विश्वकप का आयोजन होना है। परंतु इस टूर्नामेंट को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जो भारत के क्रिकेट प्रशंसकों को निराश कर सकता है। दरअसल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के बीच टैक्स विवाद को लेकर मतभेद हो गया है। ऐसी स्थिति में भारत के हाथों से वनडे विश्व कप की मेजबानी का दायित्व निकलता दिख रहा है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो, टैक्स विवाद के चलते ICC और BCCI एक दूसरे के आमने-सामने हैं। इतना ही नहीं ICC द्वारा BCCI पर वनडे विश्व कप 2023 के आयोजन के लिए भारत सरकार से टैक्स में छूट दिलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। BCCI के लिए ऐसा कर पाना बेहद मुश्किल है क्योंकि भारत सरकार किसी भी तरह के टूर्नामेंट के आयोजन पर इस प्रकार की छूट नहीं देती है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि BCCI इसके लिए राजी नहीं है और ICC के खिलाफ मामले को कोर्ट में ले जाने पर विचार कर सकती है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि ICC भारत से वर्ल्ड कप की मेजबानी वापस लेने पर अड़ सकता है।

2016 में भी हुआ था विवाद

साल 2016 में भारत की मेजबानी में टी-20 विश्वकप का आयोजन होना था। उस समय भी ICC और BCCI के बीच यह विवाद उपजा था। जब ICC ने BCCI के जरिए भारत सरकार से टैक्स में छूट देने की मांग की थी। परंतु उस दौरान भारत सरकार ने टैक्स में छूट देने से मना कर दिया था। जिसके बाद BCCI ने ICC को अपने शेयर का 190 करोड़ रुपए देकर मेजबानी बचाई थी। अगर इस बार भी BCCI को भारत से वनडे विश्व कप 2023 की मेजबानी करानी है तो उसे अपने हिस्से का 900 करोड़ रुपए ICC को देने होंगे। या फिर दूसरी स्थिति में उसे भारत सरकार को टैक्स में छूट देने के लिए मनाना होगा।

पहली बार भारत के पास पूरे विश्वकप की अकेले मेजबानी करने का मौका

विश्वकप का आयोजन अक्टूबर के महीने में प्रस्तावित है। भारत के क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका होगा जब भारत अकेले वनडे विश्वकप की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले भारत और पाकिस्तान ने मिलकर 1987 में वनडे विश्वकप की मेजबानी की थी। वहीं साल 1996 में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका को वनडे विश्वकप का संयुक्त रुप से मेजबान बनाया गया था। इसके अतिरिक्त 2011 में वनडे विश्वकप की मेजबानी भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश ने की थी। भारत को अगर अकेले वनडे विश्व कप की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त करना है तो उसे जल्द ही टैक्स से जुड़े मुद्दों को सुलझाना होगा। ‌

ICC की नीति

ICC द्वारा वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के टूर्नामेंट को आयोजित करने संबंधी नीति की बात करें तो ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले देश की सरकार से टैक्स में छूट की मांग करता है। ऐसी स्थिति में उस देश के क्रिकेट बोर्ड को अपनी सरकार से समन्वय बनाकर टैक्स में छूट दिलानी होती है। तभी उसे इवेंट की मेजबानी मिलती है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत सरकार टैक्स में छूट की अनुमति देती है या फिर नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

सबसे लोकप्रिय