भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी करोड़ों की धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं। एम एस धोनी के साथ उनके पूर्व बिजनेस पार्टनर ने 15 करोड रुपए की ठगी की है। जिसको लेकर महेंद्र सिंह धोनी ने अरका स्पोर्ट्स एंड मैनेजमेंट लिमिटेड के सौम्य विश्वास और मिहिर दिवाकर के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। एमएस धोनी ने रांची की अदालत में अपने लिए न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक,महेंद्र सिंह धोनी ने दिवाकर के साथ एक विश्व स्तरीय क्रिकेट अकादमी स्थापित करने के लिए समझौता किया था। जिसके लिए इन दोनों के बीच कुछ शर्तें रखी गई थी, जिसका मिहिर दिवाकर ने पालन नहीं किया है। कहा जा रहा है कि, दिवाकर को अरका स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी शुल्क का भुगतान करना था और उसमें होने वाले लाभ को धोनी के साथ साझा करना था। परंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया। जिसके चलते कैप्टन कूल को भारी नुकसान हुआ है। इस सौदे में महेंद्र सिंह धोनी को करीब 15 करोड रुपए का चूना लगा है।
इस प्रकरण में शर्तो का पालन न करने पर महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2021 को अरका स्पोर्ट्स को एक नोटिस भेजा था। इसके बाद अरका स्पोर्ट्स को दिया गया अधिकार रद्द हो गया था। NEWS24 की रिपोर्ट के मुताबिक एमएस धोनी ने अपने बिजनेस पार्टनर के खिलाफ कई नोटिस भेजे थे, परंतु उन्हें इसके बदले में कोई फायदा नहीं हुआ।
विधि एसोसिएट्स के जरिए महेंद्र सिंह धोनी का प्रतिनिधित्व करने वाले दयानंद सिंह ने इस धोखाधड़ी के बारे में खुलासा किया है। उनका कहना है,अरका स्पोर्ट्स ने उनके साथ धोखाधड़ी किया है। जिसके चलते महेंद्र सिंह धोनी को 15 करोड रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। इसलिए अब उन्होंने अदालत का रूख किया है।
बताते चलें कि, महेंद्र सिंह धोनी को इंटरनेशनल क्रिकेट से विदा लिए एक अरसा बीत चुका है। परंतु उन्होंने अभी भी IPL खेलना जारी रखा है। IPL 2024 में वह एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व करने वाले हैं। उससे पहले उन्हें धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ा है।