भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारतीय टीम के चयनकर्ताओं के नाम की घोषणा कर दी है। क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी ने पूर्व चयनकर्ता चेतन शर्मा को एक बार फिर मुख्य चयनकर्ता के रूप में नियुक्त किया है। शनिवार को BCCI के सचिव जयशाह द्वारा जारी मीडिया एडवाइजरी में कहा गया कि, सुलक्षणा नाइक, अशोक मल्होत्रा, और जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति के सदस्यों के चयन के लिए एक व्यापक प्रक्रिया अपनाई। जिसके फलस्वरूप इन नामों की घोषणा की गई है।
18 नवंबर 2022 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए पांच पदों के विज्ञापन के बाद बोर्ड को लगभग 600 आवेदन प्राप्त हुए।जिसपर उचित विचार-विमर्श करते हुए CAC ने व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए 11 व्यक्तियों को शॉर्टलिस्ट किया। साक्षात्कार के आधार पर, समिति ने पुरुषों की राष्ट्रीय चयन समिति के लिए 5 उम्मीदवारों की घोषणा की। जिसमें चेतन शर्मा, शिव सुंदर दास, सुब्रतो बनर्जी,सलिल अंकोला,श्रीधरन शरथ नाम शामिल है। समिति ने पुरुषों की चयन समिति के अध्यक्ष की भूमिका के लिए चेतन शर्मा की सिफारिश की है।
टी 20 विश्वकप के बाद गिरी थी गाज
ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी-20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के हाथों मिली 10 विकेट की शर्मनाक हार के बाद BCCI ने राष्ट्रीय क्रिकेट चयन समिति को बर्खास्त कर दिया था। जिसके बाद 28 नवंबर तक 5 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। परंतु किसी भी बड़े नाम के आवेदन न करने की स्थिति में BCCI ने चेतन शर्मा को एक बार फिर मुख्य चयनकर्ता नियुक्त करना सही समझा।