मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने IPL के इस सीजन अपना डेब्यू कर लिया है। अर्जुन तेंदुलकर IPL की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल रहे हैं। मुंबई इंडियंस की टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में अर्जुन तेंदुलकर ने फैंस और टीम को काफी प्रभावित किया है। कल गुजरात के खिलाफ उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी लेकिन हाल ही में अर्जुन तेंदुलकर का पंजाब किंग्स के खिलाफ एक ओवर काफी महंगा साबित हुआ है, जिसमें उन्होंने 31 रन खर्च कर दिए थे। उसके बाद से वह आलोचकों के निशाने पर हैं। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज गेंदबाज ब्रेट ली ने अर्जुन तेंदुलकर का बचाव किया है।
हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जुन तेंदुलकर को लेकर ब्रेट ली ने कहा कि, “मुझे लगता है कि वह एक ऐसा गेंदबाज है जो सभी पहलुओं पर गेंदबाजी कर सकता है। अर्जुन तेंदुलकर की गेंदबाजी से मैं काफी प्रभावित हूं। वह मुंबई इंडियंस के लिए इस समय शानदार फॉर्म में है। उसकी नई गेंद लाजवाब है। क्योंकि शुरुआती ओवर्स में उसे अधिक स्विंग मिलती हुई दिख रही है। इसके अलावा वह बीच के ओवरों में भी शानदार गेंदबाजी कर सकता है और डेथ ओवर्स में भी। इसलिए मैं उसकी तारीफ कर रहा हूं। कुछ लोग उसकी आलोचना कर रहे हैं। परंतु मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वह अभी 23 साल का है। उसके सामने अभी उसका पूरा करियर है।”
23 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर ने इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अभी तक कुल 4 मुकाबले खेले हैं। जिसमें उन्होंने 3 विकेट चटकाए हैं। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर लेफ्ट आर्म फास्ट मीडियम पेसर हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में अर्जुन के एक ओवर में पंजाब के बल्लेबाज हरप्रीत सिंह और सैम करन ने 6 बाउंड्री जड़ी थी। जिस वजह से उनके द्वारा फेंके गए 3 ओवरों में 48 रन खर्च हुए थे। हालांकि इस दौरान उन्हें एक विकेट भी हासिल हुआ था। इस वजह से वो आलोचकों के निशाने पर आ गए थे।
अब बात अगर अर्जुन तेंदुलकर के कल की परफॉरमेंस की करी जाए तो उन्होंने कल गुजरात टाइटंस के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 2 ओवर में मात्र 9 रन देते हुए 1 विकेट चटकाए। वहीं कल अर्जुन तेंदुलकर को बल्लेबाजी करने का मौका भी मिला उन्होंने 9 गेंदों का सामना करते हुए 13 रन बनाए जिसमे उन्होंने एक चौका भी जड़ा।
वैसे क्या आपको भी लगता है कि अर्जुन तेंदुलकर एक बड़े मैच विनर बनेंगे?
अपनी राय हमें कमेंट सेक्शन में ज़रूर बताएं…