हाल ही में संपन्न हुए इंडियन प्रीमियर लीग में पांचवी बार चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाने वाले अंबाती रायडू अपने रिटायरमेंट के बाद राजनीति में प्रवेश करने का मन बना चुके हैं। 22 गज की पिच पर जलवा बिखेरने वाले अंबाती रायडू अब आंध्र प्रदेश की राजनीति में एंट्री मारने वाले हैं। अंबाती रायडू ने IPL 2023 के फाइनल से पहले संन्यास का ऐलान किया था। पिच का मिजाज समझने वाले अंबाती रायडू अब राजनीति को समझने के लिए जमीनी स्तर पर आ गए हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंबाती रायडू ने अपने पैतृक जिले गुंटूर का भ्रमण किया है। उसी दौरान उन्होंने एक स्थानीय रिपोर्टर से बातचीत करते हुए कहा कि,“मैं लोगों की सेवा करने के लिए जल्द ही आंध्र प्रदेश की राजनीति में प्रवेश करूंगा। इससे पहले, मैंने लोगों की नब्ज जानने और उनकी समस्याओं को समझने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने का फैसला किया है।”
चुनाव लड़ने की खबरों का किया खंडन
अंबाती रायडू को लेकर पिछले कुछ दिनों से इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि वह 2024 लोकसभा चुनाव में गुंटूर या मछलीपट्टनम से अपनी दावेदारी ठोक सकते हैं। परंतु इस दौरान अंबाती रायडू ने इन खबरों का खंडन किया है। अंबाती रायडू ने कहा कि, “मैं एक ठोस कार्य योजना के साथ सामने आऊंगा कि राजनीति में कैसे जाना है और मैं कौन सा मंच चुनूंगा।”
वैसे तो अंबाती रायडू की तरफ से अभी यह चीज साफ नहीं की गई है कि वह किस पार्टी का दामन थामने वाले हैं। परन्तु इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि वह YSR कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं। क्योंकि उन्होंने IPL 2023 की समाप्ति के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगमोहन रेड्डी से मुलाकात की थी। जिसमें उन्होंने जगमोहन रेड्डी को युवाओं को राजनीति में लाने के लिए एक आइडियल बताया था।