ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों के वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। BCCI ने इस सीरीज के लिए दो टीमों का ऐलान किया है। पहली टीम की अगुवाई केएल राहुल करते हुए नजर आएंगे।जो इस सीरीज के दो शुरुआती मुकाबले खेलेगी। जबकि तीसरे और फाइनल वनडे मैच के लिए भारत के नियमित कप्तान रोहित शर्मा की एक बार फिर से टीम में वापसी हो जाएगी, उनके साथ विराट, हार्दिक और कुलदीप यादव भी टीम में जुड़ जाएंगे। वर्ल्ड कप से ठीक पहले खेले जाने वाली इस सीरीज के लिए BCCI ने कई अहम निर्णय लिए हैं। इस टीम में जहां ऋतुराज गायकवाड, वाशिंगटन सुंदर,आर अश्विन की वापसी हुई है। वही संजू सैमसन और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ियों को नजर अंदाज कर दिया गया है।
टीम इंडिया इस समय एक अहम पड़ाव पर है। दरअसल भारतीय टीम ने अभी हाल ही में एशिया कप 2023 के खिताब पर कब्जा जमाया है। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि आगामी 5 अक्टूबर से शुरू हो रहे वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए ही BCCI ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम का चयन किया है। इसलिए आइए हम देखने का प्रयास करते हैं कि पांच प्रमुख बातें क्या है? जो BCCI द्वारा वर्ल्ड कप से ठीक पहले किए गए इस टीम चयन से निकाल कर सामने आई हैं।
1.आर अश्विन और वाशिंगटन सुंदर की वापसी
आर अश्विन और वाशिंगटन सुंदर की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वापसी हुई है, यह दोनों खिलाड़ी बीते 5 सितंबर को वर्ल्ड कप 2023 के लिए चुने गए स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे।ये दोनों खिलाड़ी लंबे समय से वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। परंतु वर्ल्ड कप से ठीक पहले इन दोनों का चयन होना यह दर्शाता है कि इनके लिए अभी तक वर्ल्ड कप 2023 खेलने की उम्मीदें पूरी तरीके से समाप्त नहीं हुई हैं।
2.युजवेंद्र चहल की आखिरी उम्मीद भी खत्म
वनडे क्रिकेट में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की विख्यात जोड़ी ‘कुल्चा ‘ने लंबे समय तक टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया था। परन्तु एशिया कप 2023 के लिए जब टीम का चयन हुआ तो उसमें युजवेंद्र चहल का नाम शामिल नहीं था। भारत और ऑस्ट्रेलिया की सीरीज युजवेंद्र के लिए वर्ल्ड कप में जगह बनाने का आखिरी मौका था। परंतु अब वह इस मौके से भी चूक गए हैं।
3.अक्षर पटेल वर्ल्ड कप से हो सकते हैं बाहर
दरअसल एशिया कप 2023 के सुपर 4 राउंड के अंतिम मुकाबले में अक्षर पटेल के मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। जिसके चलते वह फाइनल मुकाबला नहीं खेल सके थे। अक्षर पटेल को लेकर यह कहा जा रहा है कि वह 8 से 10 दिन में फिट हो जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के लिए उनका चयन इस आधार पर किया गया है कि वह यदि फिट होते हैं तभी टीम का हिस्सा होंगे। इसलिए यह कहा जा सकता है कि, अक्षर पटेल भारत के वर्ल्ड कप स्क्वाड से बाहर हो सकते हैं।
4.श्रेयस अय्यर के बाहर होने पर भी संजू के लिए नहीं बनेगी जगह
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चुने गए स्क्वॉड को देखने पर यह लगता है कि, श्रेयस अय्यर के पूरी तरीके से फिट न होने की स्थिति में भी संजू सैमसन नंबर चार के लिए प्रथम विकल्प नहीं है। क्योंकि इस टीम में ऋतुराज गायकवाड और तिलक वर्मा को शामिल करके BCCI ने उनकी संभावनाओं को काफी कम कर दिया है।
5.INDvsAUS सीरीज को हल्के में ले रहा भारत
दरअसल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप से ठीक पहले होने वाला या वनडे सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है। भारत अपनी पूरी क्षमता के साथ इस सीरीज को खेलकर पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ अच्छा रियाज कर सकता था।परंतु BCCI के टीम चयन को देखकर ऐसा लगता है कि वह इस सीरीज को उतनी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। क्योंकि इस सीरीज में रोहित शर्मा, विराट कोहली, कुलदीप यादव और हार्दिक पांड्या जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। ये खिलाड़ी केवल तीसरा वनडे मुकाबला खेलेंगे।



