क्रिकेट की दुनिया के बेताज बादशाह विराट कोहली को शायद ही क्रिकेट का कोई ऐसा प्रशंसक होगा जो नहीं जानता हो। विराट कोहली दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार हैं। वह पिछले एक दशक से अधिक समय से भारतीय टीम का हिस्सा हैं।और वह निरंतर भारतीय टीम में बतौर मध्यक्रम बल्लेबाज अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। आज यानी 5 नवंबर को भारतीय दिग्गज विराट कोहली का जन्मदिन है। इस लेख में आज हम भारत के इस महान बल्लेबाज से जुड़ी कुछ अनकही, अनसुनी पहेलियों को सुलझाने के साथ उनसे जुड़े खास लम्हों को भी टटोलने का प्रयास करेंगे। तो चलिए शुरू करते है-
विराट का जन्म और पारिवारिक पृष्ठभूमि -:
विराट कोहली का जन्म 5 नवंबर 1988 को देश की राजधानी दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ। विराट के पिता प्रेम कोहली एक क्रिमिनल लॉयर थे और इनकी माता सरोज कोहली एक कुशल ग्रहणी हैं। विराट के एक बड़े भाई और एक बहन भी हैं। जिनका नाम विकास कोहली और भावना कोहली है। विराट ने प्रसिद्ध अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से शादी भी की है।

पिता से दिनभर कराते थे बालिंग -:
बालक विराट का बचपन से ही क्रिकेट के प्रति विशेष आकर्षण था।महज 3 वर्षों में अन्य खिलौने के मुकाबले विराट को क्रिकेट का बल्ला सबसे अधिक प्रिय था। बताया जाता है कि विराट बाल्यकाल में अपने लायर पिता के साथ क्रिकेट खेलते थे।उस दौरान कभी-कभी ऐसा होता था कि विराट की जिद के आगे उनके पिता को दिनभर गेंदबाजी करनी पड़ती थी और विराट बल्लेबाजी करते हुए कभी नहीं थकते थे।
विराट सिर्फ बारहवीं पास -:
बहुत कम लोगों को पता होगा कि भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली सिर्फ बारहवीं पास हैं। दरअसल,इनकी प्रारम्भिक शिक्षा विशाल भारती पब्लिक स्कूल, दिल्ली से हुई। विराट का पूरा फोकस क्रिकेट पर ही था।जिसके चलते विराट के पिता ने इनको क्रिकेट क्लब मे दाखिला दिला दिया। आठवीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कक्षा नौ में इन्होंने सेविअर कॉन्वेंट सीनीयर सेकेंडरी स्कूल, दिल्ली में दाखिला लिया। खेल मे अधिक रूचि होने के कारण इन्होंने मात्र बारहवीं तक शिक्षा हासिल की। विराट कोहली ने भले ही 12वीं तक ही पढ़ाई की हो परंतु विराट के शिक्षक बताते हैं कि वे खेल के साथ-साथ पढ़ने में भी अच्छे थे, इतिहास और गणित विषय में उनकी विशेष रूचि थी।
पिता के मौत के बावजूद मैदान में उतरे विराट -:
17 वर्ष की उम्र में विराट के पिता प्रेम कोहली का देहांत हो गया। एक इंटरव्यू के दौरान इस भावुक पल का जिक्र करते हुए विराट कोहली ने बताया था कि उस दौरान वो दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर दिल्ली की ओर से कर्नाटक के विरुद्ध रणजी ट्रॉफी का मैच खेल रहे थे। वो 40 रन बनाकर नबाद थे और उन्हें अगले दिन बल्लेबाजी करने के लिए जाना था। उस समय टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा था और ऐसे में मैच को बचाने के लिए विराट कोहली पर ही पूरी टीम की नजरें थी। विराट जब दिन का खेल खत्म होने पर अपने होटल के कमरे में पहुंचे तो उनके पास रात तीन बजे अचानक घर से कॉल आया कि ब्रेन स्ट्रोक की वजह से उनके पिता का निधन हो गया है। जिसके बाद विराट घर चले गए। पिता की मृत्यु की वजह से किसी को उम्मीद नहीं थी कि विराट फिर से इस मैच में वापस खेलने जाएंगे। लेकिन विराट अगले दिन मैदान में उतरे और 90 रनों की पारी खेलकर टीम को फॉलोऑन से बचा लिया। इसके बाद विराट घर गए और पिता का अंतिम संस्कार किया।

विराट से कैसे बने चीकू -:
दो साल पहले इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन को इंस्टाग्राम पर दिए गए लाइव इंटरव्यू के दौरान विराट कोहली ने खुद ही चीकू नाम पड़ने के पीछे की कहानी बताई।उन्होंने बताया कि एक बार दिल्ली की टीम मुंबई में रणजी मैच खेल रही थी। दिल्ली की टीम में उस वक्त धुरंधर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, मिथुन मन्हास और रजत भाटिया जैसे खिलाड़ी भी शामिल थे।एक दिन शाम को मैच के बाद जब वो बाल कटवाकर नए लुक के साथ होटल लौटे तो उन्होंने पूछा कैसा लग रहा हूं।इस पर टीम के सहायक कोच अजित चौधरी ने कहा कि तुम चीकू लग रहे हो और तब से विराट का नाम चीकू पड़ गया। जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मैदान में बार-बार उन्हें चीकू बुलाकर इस नाम को प्रसिद्ध कर दिया। चीकू नाम विराट कोहली को भी पसंद है और उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।

क्रिकेट मैदान से गर्लफ्रेंड के लिए फ्लाइंग किस -:
साल 2014 में बतौर कार्यवाहक कप्तान हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक जमाने के बाद विराट ने अपनी माशूका अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को बीच मैदान से ही फ्लाइंग किस दे दिया। जिससे सभी दर्शक हैरान रह गए। उसके एक महीने बाद ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में अपने कैरियर का 9 वां शतक लगाने के बाद भी विराट कोहली ने एक बार फिर अनुष्का को फ्लाइंग किस देकर उस वाक्या को दोहराया।वहीं दिसम्बर,2017 मे विराट और अनुष्का शर्मा ने इटली में जाकर विवाह किया और वैवाहिक बंधन मे बंध गए। शादी से पहले विराट कोहली के साथ कई लड़कियों का नाम जोड़ा गया, परंतु वह संबंध लम्बे नहीं चले-
सराह-जाने दिस –: पहली बार विराट नाम मिस इंडिया रह चुकी सराह जाने के साथ जोड़ा गया। सन 2011 में दो वह वर्ल्ड कप का मैच भी देखने आई थी। लेकिन यह रिश्ता लंबा नहीं चला।

तमन्ना भाटिया –: विराट का नाम तमन्ना भाटिया के साथ भी चर्चाओं में रहा, दोनों ने विज्ञापनों में एक साथ कार्य भी किया। परंतु यह रिलेशनशिप भी लंबी नहीं चली।

संजना-: एक समय में विराट का नाम मशहूर मॉडल संजना के साथ भी जोड़ा गया। परंतु दोनों ने इस रिश्ते को एक अफवाह बताते हुए, कहा कि हम सिर्फ एक अच्छे दोस्त हैं।

इजाबेल लिइट –: ब्राजील की मॉडल और एक्ट्रेस इजाबेल लिइट और विराट एक मीटिंग में मिले थे। जिसके बाद वह एक सालों से अधिक समय तक भारत में ही रही। इस दौरान दोनों का आपस में मिलना जुलना लगा रहा। परंतु यह अफेयर्स भी लंबा नहीं चल सका। इन नामों के अतिरिक्त और कोई दूसरा नाम विराट कोहली के साथ सार्वजनिक नहीं हुआ है।
