दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में आयोजित अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप के प्रथम संस्करण को भारतीय टीम ने अपने नाम कर लिया है। रविवार को पोचेफस्ट्रूम में खेले गए फाइनल मुकाबले में शेफाली वर्मा की अगुवाई वाली अंडर-19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 7 विकेट से पटखनी दी और विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। ICC अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के उद्घाटन संस्करण में जीत दर्ज करने के साथ भारतीय टीम की कप्तान शेफाली वर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। शेफाली वर्मा अब भारतीय टीम के दिग्गज कप्तान एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के विशेष क्लब में शामिल हो गई हैं।
भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी अगुवाई में भारत को ICC की तीनों ट्राफियां दिलाई हैं। इसके अलावा भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी अपने नेतृत्व में साल 2008 में भारतीय टीम को अंडर-19 विश्वकप का खिताब दिला चुके हैं। मोहम्मद कैफ और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ियों ने भी भारत को अंडर-19 में चैंपियन बनाया है। भविष्य में शेफाली वर्मा का नाम इन क्रिकेटरों के साथ गर्व से लिया जाएगा। आइए जानते हैं ऐसे कौन से दिग्गज क्रिकेटर रहे हैं जिन्होंने भारत को ICC ट्रॉफी जिताई है।
ICC ट्रॉफी जिताने वाले भारतीय कप्तान
कपिल देव – 1983 विश्व कप
मोहम्मद कैफ – 2000 ICC अंडर-19 विश्व कप
सौरव गांगुली – 2002 ICC चैंपियंस ट्रॉफी (श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता)
एमएस धोनी – 2007 ICC टी20 वर्ल्ड कप
विराट कोहली – 2008 ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप
एमएस धोनी – 2011 ICC वर्ल्ड कप
उन्मुक्त चंद – 2012 ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप
एमएस धोनी – 2013 चैंपियंस ट्रॉफी
पृथ्वी शॉ – 2018 ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप
यश धुल – 2022 ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप
शेफाली वर्मा – 2023 ICC महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप